गुटखा थूकने से परेशान डीएवी पीजी कॉलेज ने उठाया अनोखा कदम, सीढ़ियों पर लगाई मां सरस्वती की तस्वीर
आज़मगढ़ : शहर में स्थित डीएवी पीजी कॉलेज प्रशासन ने कॉलेज परिसर में स्वच्छता बनाए रखने के लिए एक नवाचारपूर्ण और सांस्कृतिक तरीके का सहारा लिया है। कॉलेज की सीढ़ियों पर लोग गुटखा खाकर दीवारों पर थूक देते थे, जिससे न केवल गंदगी फैल रही थी, बल्कि वातावरण भी दूषित हो रहा था। इसे रोकने के लिए कॉलेज प्रशासन ने सीढ़ियों की दीवार पर मां सरस्वती की तस्वीर लगवा दी गई है।
कॉलेज के प्राचार्य प्रेमचंद्र यादव ने बताया कि यह निर्णय कॉलेज परिसर को साफ-सुथरा और अनुशासित रखने की दिशा में लिया गया है। उन्होंने बताया कि पहले कई प्रयासों के बावजूद लोग सीढ़ियों की दीवारों पर थूकने से बाज नहीं आ रहे थे। इस व्यवहार को बदलने के लिए दीवारों को दोबारा पेंट कराया गया और वहां विद्या की देवी मां सरस्वती की तस्वीर लगाई गई, ताकि लोगों में श्रद्धा का भाव जागे और वे ऐसा करने से संकोच करें।
प्राचार्य ने कहा,
जब लोग मां सरस्वती की तस्वीर देखेंगे तो उनमें धार्मिक और नैतिक भावना जागेगी, जिससे वे गंदगी फैलाने से बचेंगे।
उन्होंने यह भी बताया कि कॉलेज में गुटखा और तंबाकू के सेवन पर पूरी तरह रोक लगाई गई है। यदि कोई शिक्षक, कर्मचारी या छात्र ऐसा करते हुए पाया गया, तो पहले चेतावनी दी जाएगी। इसके लिए एक विशेष कर्मचारी को निगरानी के लिए तैनात किया गया है।
प्राचार्य ने आगे बताया कि सीढ़ियों के जिस हिस्से पर यह समस्या अधिक थी, वहां की ऊंचाई को और बढ़ाया जाएगा ताकि उस स्थान पर थूकना और भी असंभव हो जाए। उन्होंने कहा कि जब किसी धार्मिक प्रतीक को सामने देखा जाता है तो स्वाभाविक रूप से लोग अनुशासन और स्वच्छता बनाए रखने की दिशा में अधिक जागरूक होते हैं।
कॉलेज प्रशासन की यह पहल न केवल स्वच्छता की दिशा में एक उदाहरण बन रही है, बल्कि सांस्कृतिक मूल्यों के सकारात्मक उपयोग का भी प्रमाण है।

No comments