भाजपा नेता पर छेड़खानी और सिपाही की पिटाई का आरोप, जिला पंचायत सदस्य समेत दो गिरफ्तार
आजमगढ़ : जिले के महराजगंज थाना क्षेत्र में रविवार को भाजपा कार्यकर्ता एवं जिला पंचायत सदस्य फौजदार यादव पर एक महिला से छेड़खानी और सिपाही की पिटाई का आरोप लगा। घटना फायर स्टेशन गेट के पास स्थित चाय की दुकान की बताई जा रही है। पुलिस ने इस मामले में महिला की तहरीर पर छेड़खानी और सिपाही की तहरीर पर मारपीट का मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
महाराजगंज थाना प्रभारी केदारनाथ मौर्या ने बताया कि आरोपी जिला पंचायत सदस्य फौजदार यादव ने चाय की दुकान पर आकर अभद्र व्यवहार किया। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया। इसी बीच ड्यूटी पर तैनात एक सिपाही ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया और उसे घायल कर दिया। घटना के बाद महिला की शिकायत पर पुलिस ने फौजदार यादव और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ छेड़खानी और अभद्रता की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
वहीं घायल सिपाही की तहरीर पर तीन नामजद और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट व जानलेवा हमले का केस दर्ज किया गया है। बताया कि जांच शुरू कर दी गई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। जिसके क्रम में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों फौजदार यादव और मोनू यादव को गिरफ्तार कर लिया।
फौजदार यादव हाल ही में निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में जिला पंचायत चुनाव जीतने के बाद भाजपा में शामिल हुए थे। उन्होंने भाजपा समर्थित उम्मीदवार बिंदेश्वरी जायसवाल को हराया था। अब यह मामला पार्टी के लिए असहज स्थिति पैदा कर रहा है। क्षेत्र में लोग इसे दबंगई और सत्ता के दुरुपयोग से जोड़कर देख रहे हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है और थाने पर भारी भीड़ जुट गई।
एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि एक महिला की तहरीर पर जिला पंचायत सदस्य के खिलाफ मुकदमा लिखा गया था। महिला के साथ जिला पंचायत सदस्य ने अभद्र व्यवहार किया। वहां मौजूद सिपाही ने रोकने का प्रयास किया तो उसके साथ भी मारपीट की गई। महिला और सिपाही की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
भाजपा जिलाध्यक्ष ध्रुव कुमार सिंह ने बताया कि जिला पंचायत सदस्य फौजदार यादव पर एक महिला से छेड़खानी और सिपाही की पिटाई का आरोप लगा है। यह मामला संज्ञान में आया है। मामले की क्या सच्चाई है इसकी जांच होने के बाद ही कुछ पता चलेगा। जांच में जो भी सत्य होगा उसी के हिसाब से पार्टी अपना निर्णय लेगी।

No comments