Breaking Reports

'हम यादव हैं इसलिए अखिलेश भक्त नहीं, देश भक्त हैं।' -निरहुआ



आजमगढ़ : बुधवार को भाजपा ने भोजपुरी सुपरस्टार प्रत्याशी दिनेश लाल यादव 'निरहुआ' आजमगढ़ लोकसभा सीट से सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के खिलाफ प्रत्याशी घोषित किया। प्रत्याशी घोषित किए जाने के बाद दिनेश लाल यादव ने सपा-बसपा गठबंधन पर जमकर हमला बोला। निरहुआ ने कहा कि 'हम यादव हैं इसलिए अखिलेश भक्त नहीं हैं, हम देश भक्त हैं।' समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव को अपना बड़ा भाई बताने के साथ ही साथ सपा पर वंशवाद की राजनीति करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि अगर असली लोकतंत्र देखना है तो भाजपा से बड़ा उदाहरण नहीं मिल सकता, जिसमें एक आम कार्यकर्ता और प्रचारक भी देश का प्रधानमंत्री बन सकता है, ना कि किसी नेता का बेटा ही पार्टी का अध्यक्ष बने। उन्होंने कहा कि मैं यादव हूं इसलिए मैं देशभक्त हूं और ऐसे लोगों के साथ नहीं हूं जो अपने ही देश के प्रधानमंत्री के लिये वो पाकिस्तान जैसी सोच रखते हैं। दिनेश ने दावा किया कि मेरे लिए आजमगढ़ जीतना मुश्किल नहीं होगा। भले ही मैं पूर्व मुख्यमंत्री के खिलाफ चुनाव लड़ रहा हूं, लेकिन मैं वर्तमान प्रधानमंत्री के साथ चुनाव लड़ रहा हूं जिनके साथ पूरा देश खड़ा है। दिनेश लाल ने कहा कि अखिलेश परिवारवाद की राजनीति करते हैं, जिसकी वजह से पूर्वांचल में उन्होंने दूसरे यादव जाति के लोगों पर भरोसा न कर खुद चुनाव लड़ने की सोची। वहीं बाकी जगहों पर अपने परिवार के लोगों को ही टिकट दे डाला।
   महागठबंधन पर तंज कसते हुए कहा कि अपने आप को दलित की बेटी कहने वाली मायावती यदि सच में दलितों की मसीहा होतीं तो 38 सीट में से जो 35 टिकट दलितों को देतीं। मायावती दलितों की मसीहा हैं तो उनको दलित समाज के लोगों को संसद में भेजने के बारे में सोचना चाहिए। बसपा या सपा ने सिर्फ और सिर्फ जाति की राजनीति करके अपने लोगों को ठगने का काम किया है।

No comments