Breaking Reports

लेखपाल ने दस एकड़ ताल की जमीन पर कब्जा कर शुरू की बिक्री



आजमगढ़ : सगड़ी तहसील क्षेत्र में स्थित ताल सलोना देश-विदेश तक विख्यात हैं। यहां से निकलने वाला कमलगट्टा अमेरिका तक जाता है। यहां साइबेरियन पक्षियों का बसेरा होता है। लगभग एक हजार एकड़ में फैला यह तालाब अब कब्जाधारियों के चंगुल में फंस गया है। क्षेत्र के ही रहने वाले एक लेखपाल ने साजिशपूर्वक 10 एकड़ ताल सलोना की जमीन पर कब्जा कर लिया और इसकी बिक्री भी शुरू हो गई। जब इसकी जानकारी अतरकच्छा के ग्राम प्रधान वसीम अहमद को हुई तो वह इस मामले को जिलाधिकारी शिवाकांत द्विवेदी के दरबार पहुंचा दिए। 
ग्राम प्रधान वसीम अहमद का आरोप है कि पूरा बाल नारायणपुरा निवासी तत्कालीन लेखपाल हरिश्चंद्र यादव वर्ष 2014 में सेवानिवृत्त हो गए। कार्यकाल के दौरान अपने भाई रामधारी पुत्र पल्टू निवासी पूरा बाल नारायणपुरा व एक अन्य व्यक्ति रामबली पुत्र जीता निवासी जमुआ सागर के नाम पर ताल सलोना की जमीन को फर्जी रूप से करवा दिया। इसके बाद इन जमीनों की बिक्री भी शुरू कर दी गई। इस पर ग्राम प्रधान के द्वारा सगड़ी तहसीलदार न्यायालय में आपत्ति दाखिल की। इसके बाद जिलाधिकारी दरबार तक मामला पहुंचाया। जांच प्रक्रिया में प्रथमदृष्टया मामला सच भी उजागर हो चुका है। अभी तक रिपोर्ट एसडीएम को प्रेषित नहीं की गई है। एसडीएम दिनेश मिश्रा ने बताया कि यह मामला पूरी तरह से मेरे संज्ञान में है। इसकी जांच तहसीलदार कर रहे हैं। जांच प्रक्रिया में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। 10 एकड़ जमीन ताल सलोना के नाम दर्ज करके दोषी के खिलाफ एफआइआर भी दर्ज कराई जाएगी।

No comments