Breaking Reports

प्रेमिका से मिलने गए प्रेमी को चाकू और गोली मारने के बाद जलाया



आजमगढ़ : फूलपुर कोतवाली में एक युवक को चाकू से प्रहार करने के बाद गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद उसके शव को जलाने का भी प्रयास हुआ। बुधवार की सुबह उक्त युवक का शव गांव के सिवान में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
    फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के हैबतपुर गांव निवासी 22 वर्षीय बृजेश यादव पुत्र राजाराम यादव का अपने पड़ोस के गांव कलवारी निवासी एक युवती के साथ प्रेम संबंध था। वह मंगलवार की रात को भोजन करने के बाद सोने के लिए चला गया। रात में प्रेमिका से फोन पर बात करने के बाद वह उससे मिलने के लिए उसके घर पहुंच गया। आरोप है कि प्रेमिका के परिजनों ने चाकू से प्रहार कर उसे घायल कर दिया और तत्पश्चात गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या के बाद उसके शव को गांव के सिवान में ले जाकर साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से जलाने का भी प्रयास किया। अधजले शव को सिवान में ही छोड़कर आरोपित फरार हो गए। बुधवार की सुबह गांव के सिवान में उक्त युवक का शव मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। मृत युवक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने प्रेमिका के पिता व दो भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही अभियुक्तों को पकड़ लिया जाएगा।


No comments