दूषित पानी हो रहा सप्लाई, डीएम कार्यालय पर प्रदर्शन
आजमगढ़ रिपोर्ट
आजमगढ़ : नगर के पांडेय बाजार मोहल्ला में लगभग दो महिने से दूषित पानी सप्लाई होने से आक्रोशित मोहल्लावासियों ने भारत रक्षा दल के नेतृत्व में बुधवार को दूषित व गंदा पानी लेकर जिलाधिकारी के पास पहुंचे। साथ ही जलनिगम के जेई व अधिकारी पर अभद्र व्यवहार का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन भी किया। मोहल्ला वासियों का कहना है कि मोहल्ले के ज्यादातर घरों में जलनिगम से पानी आपूर्ति होती है। पिछले दो माह से गंदा व दूषित पानी सप्लाई हो रहा है। कुछ लोग पानी खरीदकर पीते हैं तो कुछ लोग दूषित पानी पीने को मजबूर हैं। दूषित पानी पीने से संक्रामक बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है। कुछ लोग उल्टी व दस्त से परेशान हैं और कुछ लोगों के शरीर में खुजली शुरू हो गई है। आरोप लगाया कि इस संबंध में नगर पालिका प्रशासन से शिकायत की गई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। जब इस संबंध में जलनिगम के जेई व अधिकारी से शिकायत की गई तो वहां से डांटकर भगा दिया गया। इस मौके पर मोहम्मद अफजल, डॉ धीरजी श्रीवास्तव, गणेश सोनकर, शीला देवी, वंदना सोनकर समेत दर्जनों मोहल्लावासी मौजूद थे।


No comments