गांवों में पात्र व्यक्तियों का चिन्हांकन कर सरकार द्वारा चलायी जा रही जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाये
बृजभूषण रजक रिपोर्ट
आजमगढ़ : जिलाधिकारी नागेन्द्र प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में तहसील मेंहनगर के विकास खण्ड पल्हना के सभागार में ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत अधिकारी, लेखपाल तथा सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) के साथ विकास कार्यक्रमों से संबंधित एक दिवसीय बैठक/कार्यशाला सम्पन्न हुई।
जिलाधिकारी ने ग्राम प्रधानों से कहा कि अपने ग्रामों में गांव के लोगों को मनरेगा के अन्तर्गत लाभान्वित करायें। उन्होने बताया कि 06 पशुओं को रखने हेतु शेड का निर्माण, तरल प्रबंधन, वर्मी कम्पोस्ट, किसानों को खुद के जमीन पर पेड़ लगाने और गड्ढ़ा खोदने और उसका संरक्षण आदि का कार्य मनरेगा से कराया जा सकता है। किसान अपने खेतों में नर्सरी भी मनरेगा के अन्तर्गत लगा सकते हैं।
जिलाधिकारी ने एसडीएम/खण्ड विकास अधिकारी को निर्देश दिये कि गांवों में पात्र व्यक्तियों का चिन्हांकन करें और उन पात्र लाभार्थियों को एक साथ सरकार द्वारा चलायी जा रही जन कल्याणकारी योजनाओं (प्रधानमंत्री आवास योजना, पात्र गृहस्थी, मनरेगा आदि) का लाभ दिलायें।
जिलाधिकारी ने ग्राम प्रधानो से कहा कि अपने ग्राम के अन्त्योदय कार्ड धारक को आयुष्मान भारत जन आरोग्य योजना के अन्तर्गत लाभान्वित करायें। उन्होने यह भी बताया कि जिनका नाम सेक सूची में नही है, यदि वह व्यक्ति आयुष्मान भारत जन आरोग्य योजना के अन्तर्गत पात्र है तो उसका एनएनएम के द्वारा आनलाईन फार्म भरकर योजना का लाभ लिया जा सकता है।
जिलाधिकारी ने सभी ग्राम प्रधानों को बताया कि कोई भी व्यक्ति जो मनरेगा के अन्दर 90 दिन कार्य कर लेता है तो वह व्यक्ति श्रम विभाग में भी पंजीकरण कराने के लिए पात्र होगा, यदि वह श्रम विभाग में पंजीकरण कराता है तो वह श्रम विभाग द्वारा संचालित 17 योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकता है। उन्होने कहा कि व्यक्तिगत लाभार्थी को मनरेगा, एनआरएलएम से जोड़ कर उसे लाभान्वित करें, जिससे उस व्यक्ति की प्रति व्यक्ति आय में वृद्धि हो सके, तो वह अपने जीवन में सुधार कर सकता है।
जिलाधिकारी ने ग्राम प्रधानों से अपील किया कि अपने ग्रामों के लोगों को जैविक खेती करने पर बल दें, और कम से कम खाद, कीटनाशक दवाओं का प्रयोग करें। जिलाधिकारी ने एसडीएम/बीडीओ को निर्देश दिये कि भूमि विवाद, आबादी, विकास से संबंधित आदि समस्याओं का वर्गीकरण करें और उसके अनुसार आपस में समन्वय बनाकर समस्याओं का निस्तारण करें। उन्होने सभी से अपील किया कि ज्यादा से ज्यादा पेड़ लगायें।
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी रवि शंकर राय, एसडीएम लालगंज प्रियंका प्रियदर्शी, जिला सूचना अधिकारी डाॅ0 जितेन्द्र प्रताप सिंह, बीडीओ पल्हना सहित ग्राम प्रधान, लेखपाल, सेक्रेटरी आदि उपस्थित रहे।


No comments