Breaking Reports

भीषण सड़क दुर्घटना में चार माह की बच्ची समेत पांच की मौत



आजमगढ़ रिपोर्ट
आजमगढ़ : जहानागंज थाना क्षेत्र के टिल्लूगंज बाजार में शनिवार की शाम अनियंत्रित ट्रक पेड़ की डाल, बिजली का तार, दुकान, नींम का पेड़ तोड़ते हुए सूखे शीशम के पेड़ से टकराकर रुक गया। इस दौरान दूधमुंही बच्ची समेत पांच लोगों की मौत हो गई। जबकि पांच लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां सभी की हालत गंभीर बनी हुई है।
 घटना के बाद क्षेत्र में कोहराम मच गया। घायल होने वालों की संख्या और बढ़ सकती है। घटना के करीब दो घंटे बाद कमिश्नर, डीआईजी, डीएम, एसपी समेत आलाधिकारी मौके पर पहुंचे। आक्रोशित लोगों ने पुलिस को लाश उठाने से रोक दिया। कमिश्नर के आश्वासन पर रात आठ बजे लोग लाश उठाने पर राजी हुए। 

मरने वालों में जहानागंज थाने के बेलहथा गांव निवासी 32 वर्षीय रीना देवी पत्नी मनोज राजभर उसकी चार माह की बेटी सोनी के अलावा जहानागंज थाने के परमेश्वरपुर गांव निवासी 65 वर्षीय रामसूरत चौहान, इसी थाने के बभनौली गांव निवासी 13 वर्षीय दारा पुत्र जोगेंद्र, बुंदा गांव निवासी देवेंद्र यादव की छह साल की बेटी बुलबुल का नाम शामिल है।
जबकि घायलों में जहानागंज थाने के कुसरना गांव निवासी 43 वर्षीय हरेंद्र, 45 वर्षीय सुभाष, बुंदा गांव निवासी 37 वर्षीय रोहित, 55 वर्षीय रामदेव, फैजाबाद जिले का रहने वाला 54 वर्षीय मो. सफीक का नाम शामिल है।
    स्थानीय लोगों के मुताबिक जहानागंज थाने के करमपुर गांव निवासी राजेश अपना ट्रैक्टर लेकर जा रहा था। जेल के सामने ब्रेकर पर पास लेने के विवाद में ट्रक चालक जहानागंज थाने के अकबेलपुर निवासी 26 वर्षीय मनोज पुत्र जगतू ने ट्रक रोका और राजेश को पीट दिया। ट्रैक्टर चालक राजेश को पीटने के बाद लोग उसे दौड़ा लिए। भीड़ देख ट्रक चालक मनोज तेजी से ट्रक लेकर भागा और कुछ ही दूरी पर कुसरना गांव निवासी बाइक सवार हरेंद्र और सुभाष को टक्कर मार दिया।

दुर्घटना के बाद पुलिसवाले भी ट्रक का पीछा करना शुरू कर दिये। करीब दो किलोमीटर आगे टिल्लूगंज बाजार में सड़क घुमावदार होने से ट्रक अनियंत्रित होकर पहले पाकड़ के पेड़ की दो मोटी डाल, विद्युत पोल और तार तोड़ते हुए रामसूरत की दुकान को क्षतिग्रस्त करते हुए मनीष सिंह के दरवाजे पर लगी नींम का पेड़ तोड़कर सूखे शीशम के पेड़ से टकराकर रुक गया।
घटना के बाद लोगों ने चालक मनोज को पकड़कर उसकी जमकर धुनाई किया। उसकी भी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के करीब दो घंटे बाद मौके पर मंडलायुक्त कनकलता त्रिपाठी, डीआईजी मनोज तिवारी, डीएम एनपी सिंह, एसपी त्रिवेणी सिंह भारी भरकम फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे। कमिश्नर के आश्वासन के बाद रात आठ बजे लाश उठाने के लिए लोग राजी हुए। 


No comments