भाजपा सरकार में गरीबों, पिछड़ों, दलितों व अल्पसंख्यकों पर हो रहे जुर्म
आजमगढ़ रिपोर्ट
आजमगढ़ : शुक्रवार को सुबह नौ बजे सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम अपने काफिले के साथ गंभीररपुर थाना क्षेत्र के रक्षपालपुर गांव पहुंचे। यहां मृतक की पत्नी सहित परिवार वालों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की और आश्वासन दिया कि उनकी हर लड़ाई में सपा उनके साथ है। उन्होंने प्रदेश सरकार से मृतक के परिवार को 25 लाख व घायलों को पांच लाख की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की बात कही।
रक्षपालपुर गांव में 26 जुलाई को भूमि विवाद में लाठी डंडे एवं बेलचा से मौर्य समाज के कई लोगों को मारपीट कर घायल कर दिया गया था। इसमें साठ वर्षीय रामचरन को गंभीर चोटें आई थी। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। इसके अलावा दीपक मौर्य, संतोष मौर्य, हीरामणि देवी, मनोरमा, चन्तारा गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। प्रदेश अध्यक्ष के समक्ष मृतक के घरवालों ने बताया कि रास्ते का विवाद था। इसके संबंध में सभी अधिकारियों के यहां सूचना दी गयी थी। इसके बावजूद भी दबंग रास्ते को कब्जा कर रहे थे। 100 नंबर डायल करने पर पुलिस के आने के बाद पुलिस के सामने ही महेंद्र सिंह व राजबहादुर सिंह आदि ने बुरी तरह मारा पीटा था। इस पर प्रदेश अध्यक्ष काफी दुखी हुए और कहा कि भाजपा सरकार में गरीबों, पिछड़ों, दलितों व अल्पसंख्यकों के ऊपर जुर्म हो रहे हैं। शासन के दबाव में प्रशासन व पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। बेटियों का बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। बड़े गुंडों व माफियाओं को सरकार का संरक्षण मिल रहा है। दबंगों के विरूद्ध शासन के निर्देश पर पुलिस मुकदमे नहीं दर्ज कर रही है। इसके कारण अपराध बढ़ते जा रहे हैं। माननीय सुप्रीम कोर्ट का कल का निर्णय प्रशंसनीय एवं स्वागत योग्य है। आज भाजपा नेताओं के जुर्म से परेशान जनता की नजर सुप्रीम कोर्ट पर टिकी है। उनके साथ जिलाध्यक्ष हवलदार यादव, विधायक संग्राम यादव, एमएलसी राकेश यादव, पूर्व सांसद दरोगा प्रसाद सरोज, रामआसरे विश्वकर्मा, पूर्व एमएलसी कमला प्रसाद यादव, पूर्व विधायक बेचई सरोज, जयराम सिंह पटेल, रामआसरे चैहान समेत अनेको लोग मौजूद रहे।



No comments