Breaking Reports

महिला की हत्या के आरोप में तीन गिरफ्तार



आजमगढ़ : महराजगंज थाना क्षेत्र के चौकन्ना रामचंदर गांव में बृहस्पतिवार को दिन में पट्टीदारी की रंजिश में महिला की मारपीट कर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में मृतका के बेटे ने पट्टीदारी के लिए तीन युवकों के साथ ही एक महिला को नामजद किया था।  मिली जानकारी के मुताबिक सुशीला ने भानमति के नाबदान का बहाव रोक दिया था। बृहस्पतिवार को दिन में दो बजे भानमति उसी नाबदान को खोल रही थी। इस पर सुशीला व उसके बेटों ने भानमति पर हमला बोल दिया। बीच बचाव के लिए पहुंची परिवार की दो अन्य महिलाओं पर भी हमला किया गया। सिर में गंभीर चोट लगने के चलते भानमति बेहोश हो गई। परिजन उसे व अन्य घायल दो महिलाओं को तत्काल जिला अस्पताल लाए जहां डॉक्टरों ने भानमति को मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत के बाद बेटे ने सुशीला देवी, उसके बेटे गौतम, गोविंद और अजय को नामजद करते हुए थाने पर तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने के साथ ही चारों नामजद आरोपियों को शुक्रवार की सुबह मुखबिर की सूचना पर सरदहा बाजार स्थित बस स्टैंड व चपरी पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया।

No comments