Breaking Reports

प्रदेश के टाप 10 अपराधी व माफिया गैंग के लीडर कुन्टू सिंह की लगभग 1 करोड़ की संपत्ति कुर्क


आजमगढ़ : जीयनपुर थाना क्षेत्र के छपरा सुल्तानपुर निवासी कुख्यात माफिया ध्रुव सिंह उर्फ कुंटू सिंह पुत्र रुद्र प्रताप सिंह अपने आर्थिक व भौतिक लाभ के लिए पूर्वांचल में सक्रिय है। इसकी गैंग जनपद स्तर पर पंजीकृत है, जिसका नंबर D-11 है।गैंग में कुल 8 सक्रिय सदस्य है। कुंटू सिंह पंजीकृत गैंग के सदस्यों के अतिरिक्त भी जनपद में आसपास के जनपदों के कुख्यात अपराधियों से गठजोड़ कर अपराध करता रहता है। कुंटू सिंह के जीवन यापन का साधन प्रत्यक्ष रूप से नहीं दिखता है तथा अक्सर आर्थिक भौतिक लाभ के लिए अपराध कारित करके जेल में ही रहता है, किंतु उसने जेल के अंदर से ही अपने अपराधिक गैंग का संचालन करते हुए अवैध रूप से धनार्जन कर नामी बेनामी संपत्ति अर्जित कर ली है। कुंटू सिंह का जनपद व आसपास के जनपदों में भय व आतंक व्याप्त है, जिस कारण उसके विरूद्ध जनता का कोई भी व्यक्ति गवाही देने को तैयार नहीं होता है। चुनावी प्रक्रिया में इसके द्वारा वोटरों को भी धमकाया जाता है।

 जिलाधिकारी के आदेश के अनुपालन में आज मंगलवार को पुलिस अधीक्षक सुधीर कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सिद्धार्थ व क्षेत्राधिकारी सगड़ी अजय कुमार यादव के कुशल निर्देशन में तहसीलदार सगड़ी विजेन्द्र कुमार उपाध्याय, लेखपाल अभिमन्यु राम, राजस्व टीम, प्रभारी निरीक्षक नन्द कुमार तिवारी व उनकी टीम ग्राम खर्रारास्तीपुर में पहुँचकर प्रदेश के टाप टेन व दुर्दान्त अपराधी ध्रुव कुमार सिंह उर्फ कुन्टू सिंह की अवैध सम्पत्ति को कुर्क किया है।

प्रशासन ने कुन्टू सिंह, पत्नी वन्दना सिंह, भाभी किरन सिंह, भतीजे अभिषेक व कुलदीप पुत्र स्व0 अशोक के नाम से पंजीकृत कुल 21 बीघा भूमि को कुर्क किया है, जिसका मूल्य 99 लाख 39 हजार 600 रुपये है। कुर्क की गयी सम्पत्ति का प्रशासक उप जिलाधिकारी सगड़ी को बनाया गया है। इसके पूर्व भी माफिया कुंटू सिंह की 6 करोड़ 47 लाख 99 हजार 402 रूपये की सम्पति जब्त की जा चुकी है।

माफिया कुंटू सिंह के विरुद्ध लगभग कुल 71 मामले दर्ज हैं, जिसमें 32 हत्या के मामले समेत लूट व धमकी आदि के मामले दर्ज हैं। यह पूर्व विधायक की हत्या के आरोप में जेल में बन्द है।

No comments