सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी ने की आत्महत्या
रौनापार थाना क्षेत्र के मऊ कुतुबपुर गांव निवासी 67 वर्षीय शिवजोर राम कुछ साल पहले ही पुलिस विभाग में दीवान पद से सेवानिवृत्त हुए थे। रविवार की देर रात शिवजोर की तीसरी पत्नी मकान के ऊपरी तल पर सो रही थी। शिवजोर नीचे के हिस्से में सो रहे थे। देर रात लगभग दो बजे गोली चलने की आवाज हुई तो पत्नी नीतू उतर कर नीचे आयी और देखा कि शिवजोर गोली लगने से लहूलुहान होकर पड़े थे। जब तक उन्हें अस्पताल ले जाने की व्यवस्था होती, तब तक उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
सूचना मिलने पर रौनापार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मौके से सिपाही की लाइसेंसी बंदूक भी बरामद कर लिया है। मृतक को पहली पत्नी से तीन बच्चे थे, जिसमें दो पुत्र व एक पुत्री थी। दोनों पुत्रों की पहले ही हादसे में मौत हो चुकी है। मृतक की पहले बेटे की पत्नी वाराणसी में नौकरी करती है और वहीं रहती है तो वहीं दूसरे बेटे की पत्नी बच्चों को लेकर मायके चली गई थी। वहीं पहली पत्नी की भी मौत के बाद शिवजोर ने दूसरा विवाह किया था जो उसे छोड़ कर चली गई। दूसरी पत्नी के छोड़कर चले जाने के बाद शिवजोर ने तीसरा ब्याह भी रचा लिया। तीसरी पत्नी नीतू वर्तमान में साथ रहती थी और उससे भी शिवजोर को एक पुत्र है जो अभी एक साल का है।

No comments