Breaking Reports

मुख्यमंत्री आरोग्य मेला का शुभारंभ, प्रत्येक रविवार को होगा आयोजित



आजमगढ़ : मुबारकपुर के नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र समौधी में आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य मेला का शुभारंभ जिलाधिकारी राजेश कुमार द्वारा किया गया।

इस दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर पूरे प्रदेश में जन आरोग्य मेला लगाया जा रहा है। उक्त के क्रम में 69 पीएचसी (प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र) पर मुख्यमंत्री आरोग्य मेला लगाया जा रहा है, यह मेला प्रत्येक रविवार को लगाया जाएगा। इस मुख्यमंत्री आरोग्य मेला में ओपीडी सेवाएं, टीबी, मलेरिया, डेंगू, दिमागी बुखार, कालाजार, फाइलेरिया एवं कुष्ठ रोगों आदि की आवश्यक जांच व उपचार एवं सन्दर्भन सुविधाएं, गर्भावस्था एवं प्रसव कालीन परामर्श तथा सेवाए, बच्चों में डायरिया एवं न्यूमोनिया की रोकथाम, बचाव एवं उपचार की जानकारी तथा सुविधाएं, कुपोषित बच्चों का चिन्हीकरण एवं उनके उपचार हेतु समुचित कार्यवाही एवं गोल्डेन कार्ड बनाए जाने के लिए एक काउंटर बनाया गया है। इसमें प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना एवं मुख्यमंत्री जन आरोग्य अभियान की जानकारी दी जाएगी, इसी के साथ ही गोल्डेन कार्ड भी बनवा सकते हैं।

जिलाधिकारी ने सभी से अपील किया कि मुख्यमंत्री आरोग्य मेला में आकर लाभ उठाएं।

No comments