Breaking Reports

जानलेवा हमले के मामले में तीन महिलाएं गिरफ्तार


आजमगढ़ : गम्भीरपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को जमीनी विवाद को लेकर एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले के बाद घायल पक्ष ने स्थानीय थाने पर मुकदमा पंजीकृत कराया था, जिसमें पुलिस ने तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है।

गम्भीरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम परशुरामपुर छाँऊ निवासी हरिशंकर अस्थाना पुत्र स्व0 कुन्ज बिहारी ने स्थानीय थाने पर शिकायत दर्ज करायी कि मेरे पुश्तैनी मकान के पीछे रास्ते से सटी जमीन जिस पर विपक्षी हरिश्चन्द्र पुत्र तपेसर पासी द्वारा अवैध रुप से अपने जानवर बांधकर कब्जा कर लिया है। जिसके समाधान के लिए मंगलवार को शाम 5 बजे उपजिलाधिकारी निजामाबाद व लेखपाल आए हुए थे। विवाद के सम्बन्ध में हम दोनों पक्षो को बुलाकर बातचीत कर रहे थे कि इसी बीच विपक्षी हरिश्चन्द्र पुत्र तपेसर पासी, कमला पत्नी हरिश्चन्द्र विजय और जय किशन पुत्रगण हरिश्चन्द्र, आरती उर्फ अंशू व गिरजा पुत्रीगण हरिश्चन्द्र एवं सन्तोषी पत्नी विजय आदि ने मौके पर गाली-गलौज करते हुए मारपीट पर उतारू होकर एसडीएम व लेखपाल के समक्ष ही फावड़ा लेकर आये और मौके पर मौजूद मेरी बेटी प्रीती व अनीता तथा नाती हिमांशु पुत्र अरविन्द अस्थाना पर एक राय होकर जान से मारने की नियत से जानलेवा हमला कर दिया। इस मारपीट में हिमांशु पुत्र अरविन्द का सिर फावड़े से फट गया और वह मौके पर लहुलुहान होकर बेहोश हो गया। यह देखकर जब मैने शोर मचाया तो विपक्षी द्वारा गालियाँ देते हुए हम सभी के उपर लाठी, डंडा, लोहे की राड फावडा आदि हथियारों से हमला कर दिये जिसमे हम सभी को काफी चोटे आयी व मेरे नाती हिमांशु की स्थिती नाजुक हो गयी। इस हमले में अमित पुत्र अरविन्द, हरिशंकर पुत्र कुन्ज बिहारी, हिमांशु पुत्र अरविन्द को काफी चोटे आयी। इस शिकायत पर पुलिस ने स्थानीय थाने पर हरिश्चन्द्र व उसके परिवार के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर कार्रवाई शुरू कर दी।


एसपी सुधीर कुमार सिंह के निर्देश पर गम्भीरपुर थाने की पुलिस क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि जानलेवा हमले के नामजद आरोपित महिलायें खुर्मपुर तिराहे पर कही जाने के फिराक में खड़ी हैं। इस सूचना पर पुलिस टीम खुर्मपुर तिराहे पर पहुंचकर वहां पर खड़ी महिलाओं से उनका नाम पता पूछा तो उन्होंने अपना नाम आरती उर्फ अंशू पुत्री हरिश्चन्द्र, कमला पत्नी हरिश्चन्द्र व सन्तोषी पत्नी विजय निवासीगण ग्राम परशुरामपुर थाना गम्भीरपुर बताया। जिनको उनके अपराध से बोध कराकर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

No comments