आजमगढ़ में धारदार हथियार से महिला व उसकी नतिनी की हत्या
आजमगढ़ : दीदारगंज थाना क्षेत्र में बीती रात धारदार हथियार से हमला कर एक बुजुर्ग महिला और उनकी 12 वर्षीय नतिनी को मौत के घाट उतार दिया गया। रविवार सुबह जब दोहरे हत्याकांड की खबर मिली तो क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना के बाद एसपी भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए हैं। डॉग स्क्वायड व फॉरेंसिक टीम मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक, दीदारगंज थाना क्षेत्र के गुवाईं गांव निवासी लीलावती गुप्ता का पूरा परिवार बिहार में रहकर रोजगार करता है। लीलावती के साथ घर में उनकी 12 वर्षीय नतिनी आंचल गुप्ता रहती थी। शनिवार की रात दोनों खाना खाने के बाद सो गए। रविवार सुबह लोगों ने उनके घर का दरवाजा खुला देखा। घर में चहलपहल नहीं दिखने पर लोगों में किसी अनहोनी की आशंका हुई, जिसके बाद पड़ोसी घर मे घुसे तो दोनों का शव देख सन्न रह गए। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही दीदारगंज थाना पुलिस के साथ ही एसपी अनुराग आर्य भी मौके पर पहुंच गए। वहीं मौके पर डाग स्क्वायड को भी बुलाया गया। अभी तक घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है।
पुलिस अधीक्षक अुनराग आर्य ने बताया कि सूचने मिलते ही मौके पर फोर्स के साथ पहुंचे और घटना के संबंध में जानकारी ली और परिजनों को सूचित कर दिया गया है। इस जघन्य वारदात का कारण अब तक सामने नहीं आया है। पुलिस छानबीन में जुटी हुई है। घटना के खुलासे के लिए एसपी ग्रामीण सिद्धार्थ कुमार के नेतृत्व में तीन टीमों का गठन किया गया है बहुत जल्द घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
No comments