युवक का सिर कटा हुआ शव मिला, मौके पर पहुँचे एसपी
आजमगढ़ : कंधरापुर थाना के उगरपट्टी गांव के बाहर नहर की पुलिया के नीचे सिर कटा हुआ एक युवक का शव मिला है।ग्रामीणों ने इसकी सूचना कंधरापुर थाना पुलिस को दी। मौके पर पहुँची पुलिस जांच पड़ताल में जुटी रही। हालांकि, शव का शिनाख़्त नही हो पाया है। आशंका जताई जा रही है कि कहीं अन्य स्थान से लाकर शव को यहां पर रखा गया है। जानकारी होते ही एसपी समेत अन्य अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गये।
एसपी अनुराग आर्य ने बताया कि गुरूवार सुबह 8.30 बजे थाना कंधरापुर थाना क्षेत्र बस्ती उगरपट्टी गांव से बाहर नहर की पुलिया के नीचे एक सिर कटी हुई लाश मिलने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर तत्काल थाना प्रभारी कंधरापुर, रानी की सराय, SOG टीम, फारेंसिक टीम व अपर पुलिस अधीक्षक नगर को भेजा गया। स्वयं एसपी द्वारा भी तत्काल मौके पर जाकर घटनास्थल निरीक्षण किया गया है।
एसपी ने बताया कि अज्ञात पुरुष का शव लगभग 20 से 30 वर्ष की उम्र के व्यक्ति का प्रतीत हो रहा है। घटनास्थल पर खून के धब्बे न होने का कारण यह प्रबल सम्भावना है कि घटना किसी अन्य जगह कारित कर शव यहां लाकर फेंका गया है। शव के पास एक बोरे में एक महिला के कुछ कपड़े, सैंडल व एक पुरुष के कपड़े मिले हैं, जिससे व्यक्तिगत सम्बन्धों की वजह से घटना होने की सम्भावना प्रतीत हो रही है। लेकिन पुलिस बाकी सभी एंगल्स पर भी विस्तृत जांच कर रही है।
एसपी ने बताया कि शव को शिनाख्त के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है। आस-पास के थानों में गुमशुदगी का पता कराया जा रहा है। शिनाख्त करने के लिए एसपी सीटी के पर्यवेक्षण में 5 टीमों का गठन किया गया है। अतिशीघ्र शिनाख्त की कार्यवाही करते हुए घटना का अनावरण किया जाएगा।

No comments