सपा के गढ़ में निरहुआ की जीत, कहा- जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करूंगा
आजमगढ़ : लोकसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी दिनेश लाल यादव निरहुआ ने 8679 वोट से जीत दर्ज़ की। जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज ने उन्हे जीत का प्रमाण-पत्र दिया। इसके बाद निरहुआ ने कहा कि उपचुनाव में विकास की उम्मीद में कमल खिला है। मुझे बाहरी बताने वालों को जनता ने करारा जवाब दिया है। पीएम और सीएम के नेतृत्व वाली डबल इंजन की सरकार की योजनाओं का लाभ यहां के लोगों को भी मिले, इसके लिए जनता ने उन्हें सांसद बनाया है।
मीडिया से बातचीत में दिनेश लाल यादव ने कहा कि आजमगढ़ के लिए जो लोग मुझे बाहरी कहते हैं, उन्हें बताना चाहते हैं कि यहां उनका बचपन बीता है। उनकी मौसी, बुआ व बहन आजमगढ़ में हैं। ऐसे में वह बाहरी कैसे हैं? जिन लोगों ने बाहरी कहा, उनको यहां की जनता ने जवाब दिया है। अब यहां के सांसद हो गए हैं और यहीं के हो कर रहेंगे। उन्होंने आगे कहा कि आजमगढ़ की जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करूंगा। जिले के विकास के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पास जाएंगे और जो बन पड़ेगा करेंगे। एक प्रश्न के जवाब में कहा कि निश्चित तौर अब उनका निवास आजमगढ़ में होगा।

No comments