आजमगढ़ लोकसभा उपचुनाव : हार के बाद बोले धर्मेंद्र यादव- जनता ने नहीं, भाजपा-बसपा और प्रशासन ने मिलकर हराया है
आजमगढ़ : लोकसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी दिनेश लाल यादव निरहुआ ने सपा प्रत्याशी धर्मेंद्र यादव को 8679 वोटों से हराया है। सपा के गढ़ कहे जाने वाले आजमगढ़ में मिली हार से धर्मेंद्र यादव ने अपनी हार के बाद भाजपा, प्रशासन और बसपा के आपसी गठजोड़ का आरोप लगाया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि 2024 के चुनाव के भाजपा सरकार को उखाड़ने के लिए अभी से लग जाएं।
लोकसभा उपचुनाव में सपा प्रत्याशी धर्मेंद्र सिंह ने परिणाम आने के बाद कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि चुनाव आप सभी हारे नहीं, भाजपा से मिलकर बसपा व प्रशासन ने हराया है। समाजवादियों का गढ़ आजमगढ़ रहा है। यहां पर सपा को हराने के लिए भाजपा के मंत्री से लेकर जिला प्रशासन व बसपा के प्रत्याशी लगे हुए थे। इस तिकड़ी गठजोड़ के चलते उन्हें हार का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि मैं अपनी हार के लिए बसपा-भाजपा के गठबंधन को बधाई दूंगा जो प्रत्यक्ष तौर पर राष्ट्रपति के चुनाव में सामने आया और आजमगढ़ के चुनावों में पहले से चल रहा था। उन दोनों (बसपा और भाजपा के) लोगों को अपनी खुशी का इजहार करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि, आजमगढ़ की जनता, सभी कार्यकर्ताओं और नेताओं ने मुझे भरपूर स्नेह व आशीर्वाद दिया। इसके कारण मामूली अंतर से हार मिली है। चुनाव जरूर हारे हैं लेकिन हम सभी हिम्मत नहीं हारे हैं। कहा कि सपा ही भाजपा से टक्कर ले सकती है। सपा विधायक, पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने दिन-रात मेहनत की, उसके लिए वह बधाई के पात्र हैं। प्रदेश में भाजपा से कोई टक्कर ले सकता है तो वह सपा ही है। 2024 के चुनाव के भाजपा सरकार को उखाड़ने के लिए अभी से लग जाएं। हम सभी संकल्प लें कि बिना अखिलेश यादव के सहयोग से दिल्ली की सरकार न बन पाए।

No comments