Breaking Reports

BSP प्रत्याशी गुड्डू जमाली ने स्वीकार की हार, जनता को धन्यवाद दिया



आजमगढ़ : लोकसभा उपचुनाव के अंतिम परिणाम आने से पहले ही बहुजन समाज पार्टी (BSP) के प्रत्याशी शाह आलम उर्फ गुड्डू जमाली ने हार स्वीकार कर ली है। उन्होंने कहा कि लोकसभा उपचुनाव में मैं अपनी हार मानता हूं। मैंने, पार्टी कार्यकर्ताओं और बसपा प्रमुख मायावती ने वो सबकुछ किया जो संभव था। जनता का फैसला सर्वोपरि है।

शाह आलम उर्फ गुड्डू जमाली ने कहा कि अब 2024 के लोकसभा चुनाव में और मजबूती से आएंगे। बसपा प्रत्याशी गुड्डू जमाली को ढ़ाई लाख से ज्यादा वोट मिले। इसके लिए उन्होंने जनता को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि फिलहाल सपा और बीजेपी में से जो भी जीते उसे बधाई। उन्होंने कहा कि हमें लग रहा था कि हमें अपार जनसमर्थन मिल रहा है, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। हमने अच्छा चुनाव लड़ा। उन्होंने कहा कि जो भी जीते वह अपने कर्तव्यों का निर्वहन करे।

मुबारकपुर विधानसभा सीट से 2012 और 2017 में बसपा के टिकट पर विधायक बने शाह आलम उर्फ गुड्डू जमाली ने 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले बसपा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। जिसके बाद उन्होंने एआईएमआईएम के टिकट पर चुनाव लड़ा। हालांकि इस चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। विधानसभा चुनाव के बाद उन्होंने फिर से बसपा में वापसी कर ली और लोकसभा उपचुनाव में उतर गए। गुड्डू जमाली इसके पूर्व भी मुलायम सिंह यादव के खिलाफ आजमगढ़ लोकसभा सीट से चुनाव लड़ चुके हैं।

No comments