आजमगढ़ उपचुनाव: BJP प्रत्याशी दिनेश लाल ‘निरहुआ’ ने सपा के गढ़ दर्ज की जीत, बोले- आजमगढ़वासियों ने कमाल कर दिया
आजमगढ़ : समाजवादी पार्टी का गढ़ कहे जाने वाले आजमगढ़ में भाजपा ने सेंध लगा दी है। सदर लोकसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी दिनेश लाल ‘निरहुआ’ ने 8 हजार से अधिक वोट से जीत दर्ज की है। हालांकि, अभी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। निरहुआ ने ट्वीट कर इसे जनता की जीत बताया और अपनी जीत को कार्यकर्ताओं को समर्पित किया।
चुनाव आयोग के अनुसार, आजमगढ़ में बीजेपी प्रत्याशी दिनेश लाल यादव को अब तक 3,12,432 वोट प्राप्त हुए हैं, जबकि सपा प्रत्याशी धर्मेंद्र यादव को 3,03,837 वोट मिले हैं। वहीं बसपा के शाह आलम उर्फ गुड्डू जमाली को 2,66,106 वोट प्राप्त हुए हैं। हालांकि शुरूआती रुझानों में काफी उतार चढ़ाव देखने को मिला। कभी बीजेपी प्रत्याशी निरहुआ आगे तो कभी धर्मेंद्र यादव दोनों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव की खाली की गई सीट पर उन्हीं के चचेरे भाई धर्मेंद्र यादव को भाजपा प्रत्याशी दिनेश लाल ‘निरहुआ’ से हार का सामना करना पड़ा।
दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ ने एक ट्वीट कर लिखा, ‘जनता की जीत! आजमगढ़वासियों आपने कमाल कर दिया है। यह आपकी जीत है। उपचुनाव की तारीखों की घोषणा के साथ ही जिस तरीके से आप सबने भाजपा को प्यार, समर्थन और आशीर्वाद दिया, यह उसकी जीत है। यह जीत आपके भरोसे और देवतुल्य कार्यकर्ताओं की मेहनत को समर्पित है।’

No comments