उदयपुर की घटना के बाद UP पुलिस का सख्त निर्देश, DGP बोले- भड़काऊ पोस्ट करने पर होगी कड़ी कार्रवाई
![]() |
| Photo : ANI |
लखनऊ : राजस्थान के उदयपुर में टेलर कन्हैयालाल की हत्या के बाद यूपी में भी हाई अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश के डीजीपी देवेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि पुलिसकर्मी लगातार गश्त कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट डालने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अपर पुलिस महानिदेशक कानून-व्यवस्था प्रशांत कुमार ने बताया कि सभी जिलों के पुलिस कप्तानों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। क्षेत्र में फूट पेट्रोलिंग करने और गहन चेकिंग करने के लिए भी कहा गया है। उन्होंने कहा कि यूपी में माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। कानून को हाथ में लेने की इजाजत किसी को नहीं दी जाएगी। प्रशांत कुमार ने कहा कि हमारी लोगों से अपील है कि वह किसी अफवाह पर ध्यान न दें। अपना कामकाज शांतिपूर्ण तरीके से करें और पुलिस का सहयोग करें।
डीजीपी मुख्यालय से यूपी के सभी पुलिसकर्मियों को अपने-अपने क्षेत्र में नजर रखने के निर्देश दिए हैं। डीजीपी मुख्यालय से जारी आदेश में अधिकारियों को फील्ड में फुट पेट्रोलिंग के लिए कहा गया है। साथ ही सोशल मीडिया पर निगरानी बढ़ाने के सख्त निर्देश दिए हैं।

No comments