Breaking Reports

बदमाशों ने असलहे से आतंकित कर बाइक सवार दंपती को लूटा


आजमगढ़ : मेंहनगर थाना क्षेत्र में सोमवार को बाइक सवार लुटेरों ने असलहे से आतंकित कर दंपती को लूट लिया और फरार हो गए। पीड़ित ने डायल 112 व मेंहनगर पुलिस को सूचना दी। पुलिस छानबीन में जुट गई है। 

मेंहनगर थाना क्षेत्र के शेखूपुर निवासी संतोष यादव रविवार को बाइक से मुड़हर गांव स्थित ससुराल गए थे। वहां से सोमवार की सुबह अपनी पत्नी के साथ घर लौट रहे थे। अभी वह भड़सारी-कटात चक कटात गांव के पास माइनर पर पहुंचे कि मेंहनगर-गोसाईं की बाजार मार्ग पर पीछे आ रहे बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें ओवरटेक कर रोक लिया। तभी एक बदमाश ने तमंचा निकाल लिया और सब कुछ सौंप देने का आदेश देने लगा। बदमाश के हाथ में तमंचा होने के बाद भी संतोष विचलित नहीं हुए और उससे उलझ गए। इस पर बदमाश ने संतोष के सिर पर तमंचे की मुठिया से प्रहार कर दिया। यह देख पत्नी खामोश हो गईं। संतोष के घायल होने के बाद बदमाशों ने उनके गले से सोने की चेन, अंगूठी, मोबाइल तथा पत्नी के गले से मंगलसूत्र छीन लिया और फरार हो गए।

घटना के बाद संतोष ने डायल 112 व मेंहनगर पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी के बाद एएसपी नगर शैलेंद्र लाल व सीओ लालगंज मनोज कुमार रघुवंशी ने भी पहुंचकर घटनाक्रम की जानकारी ली और पुलिस को जल्द से जल्द घटना के राजफाश का निर्देश दिया। पीड़ित ने दो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी है।


No comments