न्यायालय परिसर में पुलिस कस्टडी से फरार बदमाश गिरफ्तार
आजमगढ़ : दीवानी न्यायालय में पुलिस को चकमा देकर फरार बदमाश लालगंज के भीरा चौराहे से शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। उसकी गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली है। दरअसल, बदमाश की फरारी को लेकर पुलिस की किरकिरी हो रही थी।
देवगांव कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार को मसीरपुर निवासी रवि प्रकाश को तमंचा और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया था। देवगांव कोतवाली के सिपाही अखिलेश व होमगार्ड रामकिशुन न्यायालय में पेश करने के लिए लाए थे। इसी दौरान रवि प्रकाश पुलिस को चकमा देकर भाग गया था। एसपी अनुराग आर्य ने आरक्षी अखिलेश को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया था, वहीं होमगार्ड राम किशुन के निलंबन के लिए कमांडेंट होमगार्ड को पत्र लिख दिया। इसके साथ ही शहर कोतवाली में फरार अभियुक्त रवि प्रकाश, आरक्षी अखिलेश व होमगार्ड रामकिशुन के खिलाफ मुकदमा भी पंजीकृत कराया गया।
एसपी ने देवगांव कोतवाली पुलिस को फरार अभियुक्त की जल्द से जल्द गिरफ्तारी का निर्देश दिया। शनिवार रात देवगांव कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर फरार अभियुक्त रवि प्रकाश को भीरा चौराहे से गिरफ्तार कर लिया। उसका संबंधित धाराओं में चालान कर दिया गया है।

No comments