Breaking Reports

आज़मगढ़ पुलिस की बड़ी कार्यवाई, मुख्तार अंसारी के करीबी हरिकेश का 18.62 लाख का मकान कुर्क


आजमगढ़ : पूर्व विधायक एवं माफिया मुख्तार अंसारी गैंग के खास हरिकेश यादव के 18,62,881 रुपये लागत से बने मकान को प्रशासन ने कुर्क कर लिया। मोहासिल गांव स्थित मकान की कुर्की की कार्रवाई करते हुए तरवां पुलिस ने रविवार को मकान को सील कर दिया। जिलाधिकारी के आदेश पर रविवार को पुलिस व प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंच कर कुर्की की कार्रवाई की। हरिकेश तरवां हत्याकांड वांछित है। गैंगस्टर एक्ट के तहत कुर्की की कार्रवाई की गई है।

 तरवां थाना के ऐराकला में 2014 में सड़क ठेके के विवाद में ठेकेदार पर मुख्तार गिरोह के लोगों ने फायरिंग की थी। इस घटना में दो मजदूर घायल हो गए थे। जिसमें एक मजदूर की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। इस मामले में तरवां थाने में मुख्तार समेत उसके 11 सहयोगियों के खिलाफ केस दर्ज हुआ था। मुख्तार के सहयोगी हरिकेश यादव निवासी मोहासिल के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई पहले ही की चुकी है। अपराध जगत से अर्जित धनराशि से अपने पिता फूलचंद यादव के नाम क्रय की गई भूमि पर बने मकान की कीमत का आकलन अधिशासी अभियंता निर्माण खंड व लोक निर्माण विभाग ने किया था। 27 मई को कीमत 18,62,881 रुपये का आकलन करने के बाद विभाग ने रिपोर्ट जिलाधिकारी को प्रेषित किया था, जिस पर जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज ने 11 जून को कुर्क करने का आदेश दिया था।

तरवां थाना पुलिस ने दर्ज मुकदमा में आरोपित मुख्तार अंसारी समेत 11 के खिलाफ विवेचना की कार्रवाई पूर्ण कर पर्याप्त साक्ष्य के आधार पर आरोप पत्र प्रेषित किया था। इसमें संगठित रूप से सड़क का ठेका छोड़ने के लिए दबाव बनाने के लिए सड़क पर काम कर रहे लेबर राम इकबाल की गोली मारकर हत्या कर दी गई तथा पांचू को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था।

पुलिस की विवेचना के दौरान आरोपित की आर्थिक स्थिति के संबंध में जानकारी मिली कि सात-आठ वर्ष पूर्व हरिकेश यादव सामान्य आर्थिक क्षमता वाला व्यक्ति था, परंतु अल्पावधि में ही उसने काफी संपत्ति बनाई। संपत्ति को छिपाने के लिए ग्राम मोहासिल, थाना जहानगंज में आवासीय भवन अपने पिता के नाम क्रय किया। थानाध्यक्ष तरवां अनिल सिंह ने भवन को नियमानुसार कुर्क करते हुए सील कर दिया। भवन को सील करते हुए जिलाधिकारी के आदेश को अंकित कराया गया है।

No comments