बीच बाजार चोरों ने बाइक की डिग्गी से उड़ाये 1.55 लाख रुपये
आजमगढ़ : अतरौलिया बाजार के मुख्य चौक पर मंगलवार को जनसेवा केंद्र संचालक की बाइक की डिक्की से 1.55 लाख रुपये भरा बैग गायब कर दिया। घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे से फुटेज खंगाला तो कुछ सुराग हाथ लगे हैं। मुख्य चौराहे पर दिनदहाड़े हुई घटना से व्यापारियों में दहशत है।
अतरौलिया थाना क्षेत्र के ग्राम अचलीपुर निवासी संजय पांडेय का पलया बाजार में जनसेवा केंद्र हैं। मंगलवार की दोपहर दो बजे वह अतरौलिया बाजार स्थित यूनियन बैंक से 1.55 लाख निकालकर बाइक की डिक्की में रखकर रवाना हुए। कुछ दूर पहुंचने के बाद बब्बर चौक पर सब्जी खरीदने के लिए रुक गए। बाइक खड़ी कर दूसरी पटरी से सब्जी खरीदकर लौटे तो उन्होंने डिक्की खोलकर देखा। डिक्की से रुपये भरा बैग गायब देख सन्न रह गए। आनन-फानन उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने पहुंचकर अगल-बगल का सीसीटीवी फुटेज खंगाला, जिसमें एक सीसीटीवी में दिख रहा है कि संजय जब बाइक खड़ी करके सब्जी ले रहे थे, तो एक व्यक्ति डिक्की से पैसा निकालकर कुछ ही दूरी पर खड़े साथी की बाइक पर बैठकर फरार हो गया। पुलिस ने अनुमान लगाया है कि बैंक से रुपये लेकर निकलने के बाद ही चोरों ने पीछा किया होगा और जैसे ही बाइक खड़ी कर संजय सब्जी खरीदने में व्यस्त हुए होंगे तो उसी समय मौका पाकर घटना को अंजाम दिया होगा।

No comments