Breaking Reports

हत्या मामले में फरार इनामी बदमाश दिल्ली एअरपोर्ट से गिरफ्तार, फर्जी पासपोर्ट बनवा कर भाग गया था सउदी



आजमगढ़ : जिले के शातिर अपराधी को यूपी एसटीएफ ने दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया है। उस पर पांच हजार का इनाम घोषित था। करीब 9 साल पहले उसने अपने साथी की मदद से एक व्यक्ति की हत्या कर बाइक लूट कर फरार हो गया था। इसके बाद जौनुपर से फर्जी पासपोर्ट बनवा कर विदेश भाग गया था।

20 अक्टूबर 2013 को देवगांव कोतवाली क्षेत्र के बैरीडीह निवासी तारिक नाम के व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर बाइक लूट ली गई थी। इस मामले में देवगांव कोतवाली क्षेत्र के कटौली कला गांव निवासी माजिद तथा उसके दोस्त गंभीरपुर थाना क्षेत्र के बैरीडीह गांव निवासी नदीम को नामजद किया गया था। दोनों ने साथ मिल कर घटना को अंजाम दिया। घटना के बाद से ही वह फरार चल रहा था।

वर्ष 2016 में माजिद जौनपुर जिले से फर्जी पासपोर्ट बनवा कर सउदी भाग गया था। पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ द्वारा माजिद पर पांच हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। मामला यूपी एसटीएफ के संज्ञान में भी था और उसके खिलाफ इंटरपोल से रेड कार्नर नोटिस भी जारी था।

रविवार को यूपी एसटीएफ को सूचना मिली कि माजिद काठमांडू से दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचने वाला है। इस सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस टीम रविवार को दिल्ली एयरपोर्ट पहुंच गई और उसे वहीं से गिरफ्तार कर लिया। यूपी एसटीएफ टीम उसे लेकर लखनऊ पहुंच गई है, जहां उससे पूछताछ की गयी। उसके कब्जे से दो मोबाइल, 6 हजार रुपये नकद और 850 सऊदी करेंसी रियाल मिला है। यूपी एसटीएफ ने उसे आजमगढ़ पुलिस को सौंप दिया है। जिले की पुलिस 2013 में हुए तारिक हत्याकांड में पूछताछ करने के साथ ही आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

No comments