छत पर सो रही होमगार्ड की पत्नी की सिल के बट्टे से कूंचकर हत्या
आजमगढ़ : तरवां थाना क्षेत्र के किशुनदासपुर में मंगलवार रात छत पर अकेले सो रही होमगार्ड की पत्नी की लोढ़ा से कूंचकर हत्या कर दी गई। बुधवार की सुबह ड्यूटी से पति के घर लौटने पर परिवार के लोगों को जानकारी हुई। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। महिला के पति की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच चल रही है।
किशुनदासपुर गांव निवासी 52 वर्षीय रामदुलारी तिवारी के पति अगस्ता तिवारी होमागार्ड हैं। तरवां थाना में उनकी ड्यूटी लगी है। मंगलवार की रात वे ड्यूटी पर गए थे। घर में अकेली रामदुलारी तिवारी छत पर सो रही थी। रात में अज्ञात लोगों ने लोढ़ा से सिर कूंचकर उसकी हत्या कर दी। शव अर्द्धनग्न हालत में छत पर पड़ा था।
सुबह करीब छह बजे अगस्त तिवारी ड्यूटी से घर लौटे। दरवाजा खोलने के लिए पत्नी को आवाज लगाए, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई। इसके बाद आस-पास के लोग आ गए। बांस की सीढ़ी लगाकर छत पर पहुंचे। महिला के शव के पास में ही खून से लथपथ लोढ़ा मिला। महिला का शरीर अर्द्धनग्न हालत में पड़ा था। घटना की सूचना मिलते ही फॉरेंसिक जांच टीम और डाग स्क्वाॅड के साथ सीओ लालगंज और एसओ तरवां मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
मृतक की सात पुत्रियां और एक पुत्र हैं। पांच पुत्रियों की शादी हो चुकी है। घटना के समय दोनों अविवाहित पुत्रियां ननिहाल गई थीं और पुत्र बाहर था। अगस्ता तिवारी ने बताया कि बगल के गांव पीथोपट्टी निवासी एक व्यक्ति से वर्षों पुराना जमीन का विवाद चल रहा है। उन्होंने उस पर हत्या का आरोप लगाया है।
No comments