Breaking Reports

विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, ससुराल वालों पर हत्या का आरोप



आजमगढ़ : जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के रामगढ़ तिवारी का पूरा गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक के भाई ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ना और हत्या का गंभीर आरोप लगाते हुए थाने में मुकदमा पंजीकृत कराया है।

महाराजगंज थाना क्षेत्र के बीबीपुर गांव निवासी सतेंद्र कुमार ने थाने में तहरीर दी कि उनकी बहन बबिता की शादी चार जून 2018 को रामगढ़ तिवारी का पूरा निवासी अमर कुमार के साथ हुई थी। शादी में दहेज के रूप में एक लाख 10 हजार रुपये नकद, बाइक, इलेक्ट्रॉनिक सामान और बबिता के सारे जेवरात दिए गए थे। इसके बावजूद बबिता के पति अमर कुमार, देवर कमल कुमार और सास इंद्रावती आए दिन दहेज में चेन और अंगूठी की मांग को लेकर उसे गाली-गलौज, मारपीट और मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे। 

सतेंद्र ने बताया कि 15 मई को उनकी बहन बबिता की मौत हो गई। इसकी सूचना उन्हें उसी रात 8.30 बजे पड़ोस के नितीश कुमार के मोबाइल से मिली। सतेंद्र ने आरोप लगाया कि उनकी बहन की मौत दहेज उत्पीड़न का परिणाम है और ससुराल वालों ने उसकी हत्या की है। तहरीर के आधार पर जीयनपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि बबिता का पति से विवाद चल रहा था। दहेज उत्पीड़न की शिकायतें थीं। इसी को लेकर विवाहिता ने जहर खा लिया। इससे उसकी मृत्यु हो गई। मृतका के भाई की तहरीर पर जीयनपुर कोतवाली में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जांच पूरी होने पर आरोपियों की गिरफ्तारी कर जेल भेजा जाएगा।

No comments