महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय : अब परिसर में भी संचालित होंगी स्नातक स्तर की कक्षाएं
आजमगढ़ : महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय में नए सत्र से स्नातक कक्षाएं परिसर में ही शुरू होंगी। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजीव कुमार ने शिब्ली नेशनल कॉलेज में आयोजित प्रेस वार्ता में घोषणा की कि नए सत्र से विश्वविद्यालय परिसर में बीए, बीएससी, बीकॉम, बीबीए और अन्य तकनीकी पाठ्यक्रमों की कक्षाएं शुरू होंगी। इससे आजमगढ़ और मऊ के हजारों विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा।
कुलपति ने बताया कि प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों को विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर सही ईमेल आईडी और मोबाइल नंबर से पंजीकरण करना होगा। एक ईमेल और फोन नंबर से केवल एक पंजीकरण संभव है। इसके बाद ऑनलाइन फॉर्म में अभिभावकों की जानकारी, फोटो, और हस्ताक्षर अपलोड कर प्रोफाइल पूरी करनी होगी। फिर 300 रुपये का पंजीकरण शुल्क ऑनलाइन जमा करना होगा। भुगतान सफल होने पर रजिस्ट्रेशन नंबर जनरेट होगा, जिसे सुरक्षित रखना जरूरी है। यदि भुगतान विफल हो, तो 48 घंटे तक दोबारा प्रयास न करें।
कुलपति ने बताया कि विश्वविद्यालय परिसर में हेल्प डेस्क स्थापित की गई है, जहां प्रवेश संबंधी समस्याओं के समाधान और ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करने में सहायता मिलेगी। कुलपति ने कहा कि यह कदम स्थानीय छात्रों के शैक्षिक सपनों को साकार करेगा।

No comments