प्रेमिका के परिवार को फंसाने के लिए युवक ने खुद को मारी गोली, पुलिस ने तीन को गिरफ्तार कर किया पर्दाफाश
आजमगढ़ : देवगांव थाना क्षेत्र से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने सभी को हैरान कर दिया। यहां एक युवक ने अपनी प्रेमिका के परिजनों को झूठे मुकदमे में फंसाने के लिए स्वयं को गोली मार ली और फर्जी हमले की कहानी गढ़ दी। पुलिस ने इस साजिश का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में मोहम्मद शफीक शेख, मोहम्मद कैफ और संदीप यादव हैं । इनके पास से पुलिस ने एक पिस्टल और कारतूस बरामद किया है।
08 अक्टूबर को मोहम्मद कैफ ने देवगांव थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि दो अज्ञात बाइक सवारों ने उसके चचेरे भाई मोहम्मद शफीक पर पिस्तौल से जानलेवा हमला किया। आरोप था कि गोली शफीक के बाएं कंधे के नीचे लगी। घायल को पहले स्थानीय अस्पताल और बाद में बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। पुलिस ने गंभीरता से जांच शुरू की, लेकिन घटनास्थल से मिला एक कैश मेमो इस केस का रुख बदल गया। उस मेमो पर असलहे के निशान मिले, जिससे शक की सुई शफीक और उसके करीबी साथियों की ओर मुड़ गई।
जांच में खुला सच
पुलिस की गहन पूछताछ में चौंकाने वाला सच सामने आया — शफीक ने खुद को गोली मारी थी। उसने अपनी प्रेमिका के परिजनों को फंसाने के लिए यह साजिश रची थी। इसके लिए उसने अपने दोस्तों कैफ और संदीप की मदद ली। कैश मेमो का इस्तेमाल इसलिए किया गया ताकि यह लगे कि गोली कुछ दूरी से चलाई गई है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक मधुवन कुमार सिंह और क्षेत्राधिकारी लालगंज भूपेश कुमार पांडेय के मार्गदर्शन में देवगांव पुलिस ने 10 अक्टूबर की सुबह 8:55 बजे टिकरी गांव से तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। तीनों पर आर्म्स एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

No comments