Breaking Reports

आजमगढ़ में 77 स्कूलों पर बड़ी कार्रवाई, बिना मान्यता के चल रहे स्कूलों पर ₹1 लाख जुर्माना



आजमगढ़ : जिले में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और अवैध रूप से संचालित विद्यालयों पर नकेल कसने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग ने सख्त कदम उठाए हैं। बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) राजीव कुमार पाठक के नेतृत्व में एक विशेष जांच अभियान के तहत 106 बिना मान्यता के संचालित स्कूलों की जांच की गई।

इस जांच के दौरान इन सभी विद्यालयों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया था, लेकिन 77 स्कूल संचालकों ने नोटिस का कोई जवाब नहीं दिया। इस पर कार्रवाई करते हुए बीएसए ने इन 77 स्कूलों पर प्रत्येक पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया है।

बीएसए राजीव कुमार पाठक ने स्पष्ट किया कि "बिना मान्यता के कोई भी स्कूल संचालित नहीं होने दिया जाएगा। ऐसे स्कूलों को या तो नियमानुसार मान्यता लेनी होगी या बंद करना पड़ेगा।"

जिन 29 स्कूलों ने नोटिस का जवाब दिया है, उनके दस्तावेजों की जांच की जा रही है, और जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। बीएसए ने चेतावनी दी है कि यदि शेष स्कूल भी निर्धारित समयावधि में मान्यता प्रक्रिया पूरी नहीं करते हैं, तो उन्हें बंद कर दिया जाएगा।

यह कार्रवाई शिक्षा की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और अभिभावकों को ठगने वाले फर्जी स्कूलों पर अंकुश लगाने के लिए की गई है। बीएसए ने सभी निजी स्कूल संचालकों से अपील की है कि वे निर्धारित नियमों का पालन करते हुए मान्यता प्राप्त करें, अन्यथा उनके विरुद्ध कठोर प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।

No comments