Breaking Reports

IGRS रैंकिंग में आजमगढ़ पुलिस पूरे प्रदेश में नंबर 1, 18 थानों को मिला शीर्ष स्थान



आजमगढ़ : उत्तर प्रदेश में जन शिकायतों के समाधान हेतु बनाए गए IGRS (Integrated Grievance Redressal System) पोर्टल पर जिले की पुलिस ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। सितंबर 2025 माह की प्रदेश स्तरीय रैंकिंग में आजमगढ़ पुलिस ने पहला स्थान प्राप्त किया है। यह रैंकिंग उत्तर प्रदेश शासन द्वारा शिकायतों के समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण निस्तारण और फरियादियों के फीडबैक के आधार पर जारी की जाती है।

जनपद आजमगढ़ के 18 पुलिस थानों को भी उनकी उत्कृष्ट कार्यप्रणाली के चलते इस रैंकिंग में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि जिले में जनता की शिकायतों को गंभीरता से लेकर तत्परता से निस्तारित किया जा रहा है, जिससे जनता के बीच पुलिस के प्रति विश्वास और संतुष्टि का भाव मजबूत हुआ है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार के नेतृत्व और अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन के मार्गदर्शन में जिले की पुलिस ने शिकायत निस्तारण में पारदर्शिता, संवेदनशीलता और जवाबदेही को प्राथमिकता दी है। प्राप्त शिकायतों पर समय से उचित कार्यवाही कर उसे पोर्टल पर फीड किया गया, जिससे शासन द्वारा निर्धारित मानकों पर आजमगढ़ पुलिस खरा उतरी।

शासन स्तर से की जाने वाली समीक्षा में यह भी देखा गया कि फरीयादियों द्वारा दिये गये फीडबैक अत्यंत सकारात्मक रहे, जिससे यह स्पष्ट होता है कि पुलिस के कार्य से आमजन संतुष्ट हैं।

No comments