Breaking Reports

महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय का द्वितीय दीक्षांत समारोह 7 अक्टूबर को, 68 गोल्ड मेडल में बेटियों का जलवा – 51 छात्राएं होंगी सम्मानित



आजमगढ़ : महाराजा सुहेलदेव राज्य विश्वविद्यालय में आगामी 07 अक्टूबर 2025 को होने वाले द्वितीय दीक्षांत समारोह की तैयारियां जोरों पर हैं। समारोह को लेकर शनिवार को विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजीव कुमार ने शहर के प्रतिष्ठित कला एवं संस्कृति भवन में प्रेस वार्ता की। 

कुलपति प्रो. संजीव कुमार का स्वागत कला एवं संस्कृति केंद्र की प्रबंधक अरुणिमा सिंह और निमिषा सिंह ने किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. प्रवेश कुमार सिंह ने बताया कि कुलपति महोदय ने मीडिया बंधुओं से सीधे संवाद कर दीक्षांत समारोह से संबंधित विस्तृत जानकारी साझा की और सभी को समारोह में ससम्मान आमंत्रित किया।

प्रो. संजीव कुमार ने बताया कि इस वर्ष के दीक्षांत समारोह में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल मुख्य रूप में शामिल होंगी और मेधावी विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक से सम्मानित करेंगी। समारोह के मुख्य अतिथि स्वामी चिदानंद सरस्वती, अध्यक्ष परमार्थ निकेतन आश्रम, ऋषिकेश होंगे। वहीं, उत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय और राज्य मंत्री (उच्च शिक्षा) रजनी तिवारी विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत करेंगी।

कुलपति ने बताया कि इस बार कुल 68 गोल्ड मेडल प्रदान किए जाएंगे, जिनमें 17 छात्र और 51 छात्राएँ शामिल हैं। इसके अलावा 40 उपाधियाँ प्रदान की जाएँगी, जिनमें 29 छात्र एवं 11 छात्राएँ शामिल होंगी। चांसलर मेडल पाने वालों में 14 लड़कियाँ और 3 लड़के, जबकि वाइस चांसलर मेडल पाने वालों में 37 छात्राएँ और 14 छात्र होंगे। कुल 12 विद्यार्थियों को डबल मेडल (चांसलर एवं वाइस चांसलर मेडल दोनों) से नवाजा जाएगा।

ड्रेस कोड और अन्य दिशा-निर्देश

समारोह में अनुशासन और गरिमा बनाए रखने के लिए विश्वविद्यालय ने स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

किसी भी परिस्थिति में काले कपड़े पहनकर परिसर में प्रवेश वर्जित रहेगा।

छात्राओं के लिए निर्धारित पोशाक — सफेद सलवार, सफेद दुपट्टा, हल्के रंग का कुर्ता या हल्की साड़ी (जींस और टॉप निषिद्ध)।

छात्रों के लिए — सफेद या हल्के रंग की पूरी बांह की शर्ट और गाढ़े रंग की पैंट (काले रंग के वस्त्र निषिद्ध)।

पदक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के लिए आईडी कार्ड जारी किए जाएंगे।


07 अक्टूबर को सुबह लगभग 10 बजे राज्यपाल आनंदीबेन पटेल का आगमन विश्वविद्यालय परिसर स्थित हेलीपैड पर होगा। तत्पश्चात शोभा यात्रा प्रारंभ होगी।

कार्यक्रम का संचालन कुलसचिव डॉ. अंजनी कुमार मिश्र द्वारा किया जाएगा। समारोह का शुभारंभ विश्वविद्यालय की बेटियों द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत, कुलगीत और पर्यावरण गीत से होगा। इसके बाद कुलपति प्रो. संजीव कुमार अतिथियों का स्वागत करते हुए विश्वविद्यालय की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे। राज्यपाल द्वारा डिजीलॉकर में उपाधियों एवं अंकपत्रों के डिजिटली अपलोड की प्रक्रिया का शुभारंभ किया जाएगा। इसके उपरांत मेधावियों को स्वर्ण पदक प्रदान किए जाएंगे।

विश्वविद्यालय द्वारा गोद लिए गए गाँवों एवं आंगनवाड़ी केंद्रों के बीच आयोजित प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान पाने वाले बच्चों को भी पुरस्कृत किया जाएगा। साथ ही राजभवन से प्राप्त पुस्तकें प्राथमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को भेंट की जाएंगी। समारोह का समापन कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल के अध्यक्षीय संबोधन के साथ होगा।

No comments