Breaking Reports

डेढ़ दर्जन से अधिक मुकदमे के वांछित दो अपराधी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार


आजमगढ़ : जीयनपुर थाना क्षेत्र में पुलिस एवं एसओजी की संयुक्त टीम द्वारा की गयी मुठभेड़ में दो वांछित बदमाश गिरफ्तार किये गये, जबकि एक फरार हो गया। गिरफ्तार बदमाशों के खिलाफ डेढ़ दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।

एसपी सुधीर कुमार सिंह के निर्देश पर जीयनपुर कोतवाली पुलिस व एसओजी टीम वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु अंजान शहीद में मौजूद थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि असरफपुर की तरफ से तीन बदमाश एक चोरी की बाइक से आ रहे है, जिनके पास अवैध असलहे भी है। इस सूचना पर विश्वास पुलिस टीम अंजान शहीद से असरफपुर मोड़ पर पहुँची। तिराहे से थोड़ा पहले मुखबिर के लुक छिप कर बदमाशों के आने का इन्तजार करने लगे कि कुछ देर बाद असरफपुर से एक बाइक आती हुई दिखाई दी। मुखबिर ने  बताया कि यही वह बदमाश है। पुलिस टीम उक्त बाइक को रुकने का इशारा किया तो पुलिस को देखकर बाइक सवार बदमाशों में एक ने पुलिस टीम पर लक्ष्य बनाकर फायर कर दिया। पुलिस ने अपना बचाव करते हुए दो बदमाशों को पकड़ लिया तथा एक बदमाश अंधेरे का फायदा उठा कर भाग गया। पकड़े गये बदमाशों मे से एक ने अपना नाम हरिकेश यादव पुत्र रामनगीना यादव (26) निवासी देवपार थाना कन्धरापुर बताया, जिसके पास से एक देशी तमंचा .315 बोर व  दो जिन्दा कारतूस .315 बोर बरामद हुआ, जबकि दूसरे ने अपना नाम प्रवीण कुमार सिंह पुत्र मुसाफिर सिंह (30) निवासी सेहदा थाना कन्धरापुर बताया तथा फरार बदमाश का नाम बहुधा पुत्र एकलाख निवासी मुहल्ला कुरैश नगर कस्बा व थाना जीयनपुर बताया। गिरफ्तारी व बरामदगी के आधार पर स्थानीय थाने पर मुकदमा पंजीकृत किया गया। हरिकेश यादव के खिलाफ जिले के विभिन्न थानों पर डेढ़ दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।


 गिरफ्तार बदमाशों ने पूछताछ में बताया कि मेरे पास दो और चोरी की बाइक है, एक बाइक बेचने के लिए बहुदा के पास है तथा दूसरी बाइक सोनू सोनकर पुत्र वेलास सोनकर निवासी मुहल्ला समता नगर कस्बा व थाना जीयनपुर के घर बेचने के लिए दिया है। हम  सभी लोग बाइक की चोरी कर उसका नम्बर प्लेट बदलकर दूसरा नम्बर लिखकर बेचते है।  हम लोगों का एक गैंग है। बाइक बरामद करने के लिए पुलिस टीम कुरैशनगर बहुधा के घर पहुंचे जहां घर के सीढी के नीचे एक बाइक खड़ी मिली। जिसको पकड़े गये बदमाशों द्वारा बताया गया कि यही वह बाइक है जिसे बेचने के लिए दिया गया था। पुलिस टीम तत्पश्चात वहाँ से सोनू सोनकर के घर पहुंची। सोनू के घर से भी एक बाइक को बरामद किया है।

No comments