70 वर्ष की उम्र में शादी की चाहत में हार्ट स्पेशलिस्ट डॉक्टर ने गंवाए 1.80 करोड़ रुपए
लखनऊ : राजधानी लखनऊ (Lucknow) में 70 वर्षीय एक डॉक्टर से ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। हार्ट स्पेशलिस्ट डॉक्टर (Heart Specialist Doctor) ने एक महिला पर एक करोड़ 80 लाख रुपये की ठगी का आरोप लगाया है। डॉक्टर ने जिस महिला पर ये आरोप लगाए हैं वो उस महिला से शादी की बात कर रहे थे। डॉक्टर का कहना है कि आरोपी महिला ने खुद को मरीन इंजीनियर बताया था। डॉक्टर को 70 साल की उम्र में शादी का सपना संजोना भारी पड़ गया।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, 70 वर्षीय ह्रदयरोग विशेषज्ञ डॉक्टर लखनऊ के रहने वाले हैं और मुरादाबाद स्थित एक प्रसिद्ध अस्पताल में पदस्थ हैं। उनकी पत्नी का वर्ष 2019 में देहांत हो गया था। पत्नी के गुज़र जाने के बाद डॉक्टर काफी अकेलापन महसूस कर रहे थे। जिसके बाद उन्होंने जीवनसाथी तलाशने के लिए एक अंग्रेजी अखबार में दूसरी शादी के लिए विज्ञापन दिया। जिसके बाद डॉक्टर के पास शादी के लिए कई प्रपोजल आये। पुलिस में दर्ज शिकायत में डॉक्टर ने बताया कि कृषा शर्मा नाम की महिला ने शादी का प्रपोजल दिया। महिला ने उसे फोन और व्हाट्सएप के जरिए संपर्क किया और बताया कि वह तलाकशुदा है। वह अमेरिका (America) के फ्लोरिडा स्थित मियामी में रहती है और एक अमेरिकन कंपनी के कार्गो शिप पर बतौर मरीन इंजीनियर काम करती है।
डॉक्टर के मुताबिक, इसके बाद उन दोनों के बीच वाट्सएप पर चैटिंग और वीडियो कॉलिंग शुरू हो गई। इसी बीच महिला ने उनसे कहा कि वह नौकरी छोड़कर मुंबई में कारोबार शुरू करने की सोच रही है। उसने उन्हें बताया कि उसने सात लाख डॉलर का सोना खरीदा है, जो वह साउथ अफ्रीका (South Africa) की रायल सिक्योरिटी कंपनी के जरिये डॉक्टर के लखनऊ स्थित पते पर भेज रही है। डॉक्टर का आरोप है कि इसके बाद उनके पास एक कॉल आयी, जिसमें सोना लेने के एवज में परमीशन फीस, फॉरेन नेशनल ट्रेडिंग लाइसेंस और कस्टम ड्यूटी के भुगतान समेत विभिन्न खर्चों के लिए करीब 1.80 करोड़ रुपये एक बैंक अकाउंट में जमा कराने के लिए कहा गया। उन्होंने इसे लेकर कृषा से बात की और फिर बैंक खाते में पैसे जमा करा दिए।
डॉक्टर के मुताबिक, इसके बाद उन लोगों ने और पैसों की मांग की, जिसका उन्होंने विरोध किया तो फोन कट गया और फिर उनमें से किसी से उनका संपर्क नहीं हो सका। डॉक्टर को जब ठगी का अहसास हुआ तब उन्होंने लखनऊ के साइबर क्राइम (Cyber Crime) थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

No comments