माफिया मुख्तार अंसारी पर योगी सरकार की कार्यवाई लगातार जारी, कुर्क हुई करोड़ों की संपत्ति
गाजीपुर : उत्तर प्रदेश के बांदा जेल में बंद माफिया व पूर्व विधायक मुख्तार अंसारी पर योगी सरकार की कार्यवाई लगातार जारी है। प्रशासन द्वारा आए दिन मुख्तार अंसारी और उनकी पत्नी अफ्शा अंसारी की प्रॉपर्टी पर बुलडोजर की कार्रवाई या फिर उनकी संपत्ति पर कुर्की की कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में मऊ पुलिस ने बुधवार की शाम स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर अफ्शा अंसारी की गाजीपुर स्थित प्रॉपर्टी को सीज कर दिया।
बुधवार को मऊ पुलिस ने गाजीपुर जनपद के गाजीपुर-वाराणसी फोरलेन के किनारे शेरपुर गांव में मुख्तार अंसारी की पत्नी अफ्शा अंसारी के नाम 235 एकड़ की संपत्ति को कुर्क किया। मऊ के जिलाधिकारी के आदेश के बाद गैंगस्टर एक्ट के तहत दक्षिण टोला थाना में मुकदमा दर्ज कर यह कार्रवाई की गई। जिलाधिकारी मऊ के द्वारा कुर्की की कार्रवाई का आदेश 21 जून को दिया गया था।
जिलाधिकारी के कुर्की के कार्रवाई के आदेश के बाद मऊ के सदर क्षेत्र अधिकारी धनंजय मिश्रा और उनकी टीम ने गाजीपुर के जिला प्रशासन की तरफ से तहसीलदार और अपर तहसीलदार के साथ मिलकर कुर्की की कार्रवाई की। उन्होंने कार्रवाई करते हुए मुख्तार अंसारी की पत्नी अफ्शा अंसारी की इस प्रॉपर्टी की कीमत 3.5 करोड़ रुपये से भी अधिक बताई।

No comments