Lok Sabha By Election : मंडलायुक्त और डीआईजी ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण
आजमगढ़ : सदर लोकसभा उपचुनाव के लिए गुरुवार को कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान कार्य संपन्न हुआ। मतदान कार्य शांति पूर्वक संपन्न कराने के लिए पांच विधान सभाओं के लिए अलग-अलग अधिकारियों को सुपर जोनल मजिस्ट्रेट बनाया गया था। मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत और डीआईजी अखिलेश कुमार ने क्षेत्र के बूथों का भ्रमण करके हाल जाना। जबकि डीएम और एसपी भारी भरकम फोर्स को लेकर एक साथ भ्रमण कर रहे थे। यह दोनों अधिकारी पांच विधान सभाओं के कई संवेदनशील बूथों का भ्रमण किया।
जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज ने मुबारकपुर विधानसभा के लिए एडीएम प्रशासन अनिल कुमार मिश्रा, सदर विस क्षेत्र के लिए एडीएम वित्त/राजस्व आजाद भगत सिंह, गोपालपुर विस क्षेत्र के लिए सीडीओ आनंद कुमार शुक्ला, मेंहनगर विस क्षेत्र के लिए चकबंदी विभाग के डीडीसी मधूसुदन दूबे और सगड़ी विस क्षेत्र के लिए सीआरओ जेपी सिंह को सुपर जोनल मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया था।
इनके अलावा अन्य अधिकारियों की भी चुनावी गतिविधियों पर नजर रखते हुए चुनाव संपन्न कराने के लिए ड्यूटी लगाई गई थी। इसके अलावा सभी बूथों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस और पैरामिलिट्री के जवानों को लगाया गया था। इस प्रकार कुल 22 हजार पुलिसकर्मी लगाए गए थे। उन्हीं सक्रियता का परिणाम रहा कि मतदान प्रक्रिया शाम को शांति पूर्वक संपन्न हो गई।

No comments