कलेक्ट्रेट परिसर में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी व तीन बच्चों के साथ की जान देने की कोशिश
आजमगढ़ : बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट परिसर में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी व तीन बच्चों के साथ जहर खा कर जान देने का प्रयास किया। कलेक्ट्रेट में मौजूद गार्ड ने उन्हें ऐसा करते देख लिया और रोकने के साथ ही सूचना पुलिस को दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पूरे परिवार को हिरासत में ले लिया और लेकर थाने चली गई।
निजामाबाद थाना क्षेत्र के खासबेगपुर गांव निवासी जनार्दन गिरी ने बताया कि पट्टीदारों से जमीन बटवारे का विवाद चल रहा है। जिसकी पैमाइश के लिए लेखपाल द्वारा 30 हजार रुपये उससे मांगा जा रहा है। किसी तरह पांच हजार रुपये उसने दे दिया, इसके बाद भी लेखपाल द्वारा पैमाइश नहीं की जा रही है और पूरा पैसा देने को लेकर दबाव बनाया जा रहा है। इस बाबत उसने मंडलायुक्त, जिलाधिकारी से लेकर तहसील पर भी शिकायत किया लेकिन उसकी कहीं कोई सुनवाई नहीं हुई।
बृहस्पतिवार को जनार्दन गिरी अपनी पत्नी व तीन बच्चों के साथ कलेक्ट्रेट के पार्किंग स्थल पर ही जान देने के लिए ज़हर खाने जा रहा था कि वहां मौजूद गार्ड की नजर उन पर पड़ गई। गार्ड ने तत्काल मौके पर पहुंच कर जनार्दन से ज़हर का पैकेट छीन लिया और सूचना पुलिस को दिया। सूचना पर शहर कोतवाली पुलिस के साथ ही चौकी इंचार्ज सिविल लाइंस मौके पर पहुंच गए और पूरे परिवार को हिरासत में ले लिया। थाने पर बैठा कर पीड़ित परिवार को समझाने का प्रयास पुलिस कर रही है।

No comments