राहगीरों से लूट करने वाला शातिर लूटेरा पुलिस मुठभेड़ में घायल, लूट के आभूषण बरामद
आजमगढ़ : मेंहनगर थाना क्षेत्र में गुरुवार की रात हुई मुठभेड़ में एक बदमाश घायल हो गया, जबकि उसका साथी फरार हो गया। ये बदमाश राहगीरों से सोना-चांदी के आभूषण की छिनैती की घटनाओ को अंजाम देते थे। गिरफ्तार बदमाश के खिलाफ आजमगढ़ व मऊ जिले में दर्ज़न भर से अधिक मामले दर्ज़ हैं।
बृहस्पतिवार की रात्रि थानाध्यक्ष बसंतलाल को सूचना प्राप्त मिली कि मेहनगर रोड पर राजघाट पुल के पास दो शातिर किस्म के बदमाश बैठे हुए हैं। वह रात में किसी बड़ी घटना को अंजाम दे सकते हैं। इस सूचना पर तत्काल कार्यवाही करते हुए थानाध्यक्ष, पुलिस फोर्स के साथ राजघाट पुल के पास मोहम्मदपुर नियामतपुर गेट के करीब पहुंच गए। वहाँ पर दो व्यक्ति पत्थर की बेंच पर बैठे हुए थे। पुलिस टीम को आते देख दोनों बदमाश मोटरसाइकिल से भागने लगे। पुलिस टीम द्वारा रोकने का प्रयास करने पर बदमाश जान से मारने की नियत से पुलिस टीम पर फायर करते हुए भागने लगे। पुलिस द्वारा जवाबी कार्यवाही में बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी जिससे वह गिर पड़ा। जिसको समय 01:00 रात्रि में गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गिरफ्तार बदमाश की पहचान चंदन यादव उर्फ अभय यादव पुत्र दुर्गविजय यादव ग्राम सुल्तानपुर कोलौरा थाना मोहम्मदाबाद जनपद मऊ के रूप में हुई। गिरफ्तार अभियुक्त के पास से एक तमंचा, 4 कारतूस, छिनैती का एक मंगलसूत्र (वजन 20 ग्राम), एक चेन (वजन 10 ग्राम) पीली धातु की बरामद किया गया।फरार बदमाश के बारे में पूछताछ करने पर बताया कि भागने वाला सहयोगी अवधराज राजभर पुत्र महेश राजभर ग्राम सिगाडी थाना मोहम्मदाबाद जनपद मऊ है। दोनों मिलकर लूटपाट की घटना को अंजाम देते है। राहगीरों से सोना-चांदी के आभूषण की छिनैती करते है। विरोध करने पर असलहे के बट से सिर पर प्रहार कर आभूषण लूट लेते है।
उक्त दोनों बदमाशों ने ही मेंहनगर थाना क्षेत्र में 4 जुलाई की सुबह करीब 8:30 बजे कटात बाजार के पास एक दंपति से सिर में तमंचे से वार करते पहने हुए आभूषण छीन लिए थे। इस मामले में मुकदमा दर्ज़ कर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी।

No comments