चचेरे भाई पर फायरिंग करने वाला गिरफ्तार
आजमगढ़ : बरदह थाने की पुलिस ने गुरुवार की शाम को नर्वे नहर पुलिया के पास से हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से तमंचा और कारतूस बरामद हुई।
बता दें कि, बरदह थाना क्षेत्र के नर्वे गांव निवासी अरूण सिंह पुत्र शंकर सिंह का उनके चचेरे भाई तारकेश्वर पुत्र देवनाथ से भूमि बंटवारे का विवाद काफी दिनों से चल रहा है। इसी विवाद को लेकर बुधवार की रात दोनों भाईयों में कहासुनी के दौरान वाद-विवाद बढ़ा और मारपीट हो गई। इसी दौरान तारकेश्वर सिंह द्वारा फायरिंग कर दी गयी। गोली अरूण को लग गयी, जिससे वे घायल हो गए। घायल अरूण का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
प्रभारी निरीक्षक बरदह संजय सिंह के मुताबिक गिरफ्तार बदमाश तारकेश्वर सिंह पुत्र स्व. देवनाथ सिंह है। वह बरदह थाने के नर्वे गांव का निवासी है। बुधवार को नरवें गांव निवासी अरुण कुमार सिंह ने थाने में केस दर्ज कराई थी। जिसमें तारकेश्वर राय पर हत्या के प्रयास का आरोप लगाया था। घटना का कारण पुरानी रंजिश बताई गई। केस दर्ज कर पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी। गुरुवार को मुखबिर के जरिए सूचना मिलने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक तमंचा और कारतूस बरामद हुआ।

No comments