न्यायालय में पेशी के लिये लाया गया बदमाश पुलिस कस्टडी से फरार
आजमगढ़ : शुक्रवार को दीवानी न्यायालय में पेशी के लिये लाया गया बदमाश पुलिस कस्टडी से फरार हो गया। इस घटना से न्यायालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई। रिमांड पर लेकर आए पुलिसकर्मियों की सूचना पर पुलिस फोर्स न्यायालय पहुंच गई और फरार युवक की तलाश शुरू कर दी गई, लेकिन उसका पता नही चल पाया।
शुक्रवार को देवगांव कोतवाली पुलिस ने रविप्रकाश निवासी मसीरपुर को तमंचा व कारतूस के साथ गिरफ्तार किया था। मुकदमा दर्ज करने के बाद देवगांव पुलिस उसे न्यायालय में करने के लिए लेकर आयी थी। यहीं पर रवि प्रकाश पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। गिरफ्तार युवक के पुलिस कस्टडी से फरार होते ही दीवानी न्यायालय में हड़कंप मच गया। सूचना पर काफी संख्या में पुलिस फोर्स दीवानी न्यायालय पहुंच गई। इसके बाद फरार युवक की तलाश में जगह-जगह दबिश की कवायद भी की गई लेकिन देर शाम तक पुलिस उसका पता नही लगा पायी।
एसपी सिटी शैलेंद्र लाल ने कहा कि दीवानी न्यायालय पर पुलिस अभिरक्षा में रिमांड बनने के लिए लाया गया तमंचा संग गिरफ्तार युवक फरार हो गया है। उसकी तलाश में पुलिस की टीम लगा दी गई है। दोषी सिपाहियों की भी जाँच की जा रही है।

No comments