आज़मगढ़ और रामपुर में प्रचार नहीं करने जाने पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने दिया जवाब, भाजपा पर भी जमकर बरसे
लखनऊ : समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने लोकसभा उपचुनाव आज़मगढ़ (Azamgarh) और रामपुर (Rampur) में प्रचार नहीं करने जाने के सवाल पर अपनी चुप्पी तोड़ी। प्रेस कांफ्रेंस के दौरान अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर जमकर निशाना साधा। लोकसभा उपचुनाव में मिली हार के बाद सपा प्रमुख लगातार अपने सहयोगी सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर (Om Prakash Rajbhar) के निशाने पर रहे है। ओपी राजभर के बयानों पर अखिलेश यादव ने कहा कि सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओपी राजभर कहां से ऑपरेट हो रहे हैं, उन्हें कुछ भी पता नहीं है।
आज़मगढ़ और रामपुर में प्रचार नहीं करने जाने के सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा "मुझे उम्मीद थी और मुझे भरोसा दिया गया था कि मेरे वहाँ जाने की कोई ज़रूरत नहीं है।" वहीं हार के सवाल पर उन्होंने आरोप लगाया कि शासन प्रशासन का दुरुपयोग किया गया।
हमें किसी की सलाह की जरुरत नहीं
सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओपी राजभर के बयान पर अखिलेश यादव ने कहा कि कभी-कभी जो दिखता है वो होता नहीं है। हमारे सहयोगी भी कहां से ऑपरेट हो रहे हैं कुछ पता नहीं। उन्होंने कहा कि उन्हें किसी की सलाह की जरुरत नहीं है। बता दें कि ओमप्रकाश राजभर ने उपचुनाव में हार के बाद अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा था कि एसी कमरों से बैठकर चुनाव नहीं जीते जाते। उन्होंने अखिलेश को जमीन पर उतरने की सलाह दी थी। इसके बाद बलिया के रसड़ा में राजभर ने कहा था कि अखिलेश यादव अपने पिता और सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव की वजह से मुख्यमंत्री बने थे। इन बयानों के बाद अखिलेश की यह पहली प्रतिक्रिया है।
पीछे से सरकार को कोई आपरेट कर रहा
अखिलेश यादव ने भाजपा (BJP) पर निशाना साधते हुए कहा, भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार और अन्याय चरम पर है। कानून-व्यवस्था ध्वस्त है। दारोगा भर्ती में बड़े पैमाने पर धांधली और भ्रष्टाचार हुआ। गिरफ्तारियां हुई। कई लोग जेल गए। दारोगा भर्ती में धांधली इस स्तर पर हुई कि जेल में रहते हुए परीक्षा में उत्तीर्ण हो गए। यही इस सरकार की सौ दिन की उपलब्धि है। इस सरकार को 100 दिन की नहीं 5 साल 100 दिन की उपलब्धि बताना चाहिए। उपमुख्यमंत्री के विभाग में ट्रांसफर हो गए उन्हें पता ही नहीं। पीछे से सरकार को कोई आपरेट कर रहा है। यही सरकार की सौ दिन की उपलब्धि है।
सबसे ज्यादा महिला उत्पीड़न उत्तर प्रदेश में हो रहा है। पुलिस हिरासत में मौतें सबसे ज्यादा भाजपा सरकार में हो रही है। मानवाधिकार आयोग की सबसे ज्यादा नोटिसें यूपी सरकार को मिली है। भाजपा सरकार ने किसान, नौजवान व्यापारी, महिला सभी परेशान है। महंगाई, बेरोजगारी बेलगाम है। स्वास्थ्य सेवाएं चौपट है। उपमुख्यमंत्री ने अब तक जितने स्थानों पर छापे मारे, कहीं कार्यवाही नहीं हुई।

No comments