Breaking Reports

महिला की शिकायत पर एसपी ने फरिहां चौकी के 14 पुलिसकर्मियों को हटाया



आजमगढ़ : एसपी की ओर से गुरुवार रात की गई बड़ी कार्रवाई से महकमें में हड़कंप मचा है। निजामाबाद थाने के फरिहां चौकी पर तैनात सभी 14 जवानों को लाइन हाजिर करने के बाद तत्काल प्रभाव से 15 जवानों की नई तैनाती की गई है। महिला की शिकायत के बाद यह कार्रवाई की गयी।

एसपी अनुराग आर्य ने बताया कि गंभीरपुर क्षेत्र की एक महिला ने जनसुनवाई के दौरान शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी पुत्री घर से कुछ रुपये व मोबाइल लेकर गायब हो गई थी। फरिहां पुलिस ने बरामद करने के बाद मोबाइल व रुपये ले लिए थे। बाद में पुलिस ने मोबाइल तो दे दिया, लेकिन रुपये रख लिए। प्रकरण की जांच में दोषी पाए जाने पर चौकी इंचार्ज ज्ञान प्रकाश तिवारी, सिपाही सौरभ कुमार को उसी दिन निलंबित कर दिया गया। बाकी के आचरण ठीक न मिलने की शिकायत के बाद सभी का स्थानांतरण पुलिस लाइन में किया गया है। 

एसपी ने बताया कि महिला की शिकायत की जांच एएसपी यातायात सुधीर जायसवाल से कराई गई थी। जांच रिपोर्ट में चौकी इंचार्ज व सिपाही को तीन दिन पहले निलंबित किया गया था। साथ ही अन्य सभी 12 कांस्टेबल और हेड कांस्टेबलों को लाइन हाजिर कर दिया। आदेश में लाइन हाजिर होने वाले पुलिसवालों को महिला अपराध से जुड़े मामलों सहित अन्य में किसी प्रकार की कार्रवाई करनी है, इसकी विशेष ट्रेनिंग दी जाएगी।

No comments