अपहृत दो व्यक्ति 24 घण्टे के अन्दर प्रयागराज से बरामद, एक महिला गिरफ्तार
आजमगढ़ : स्वाट टीम तथा पुलिस ने अपहृत दो व्यक्तियों को प्रयागराज से बरामद किया है। पुलिस ने दबिश देकर एक महिला को गिरफ्तार भी किया है, जबकि अन्य अपराधी मौके से फरार हो गए। 10 लाख रूपये की फिरौती की माँग कर रहे थे। अपहृत की पत्नी ने मेंहनगर थाने पर शिकायत दर्ज़ करायी थी।
मेंहनगर थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव निवासी इन्दू देवी पत्नी रामप्रकाश निराला गत गुरुवार को स्थानीय थाने पर लिखित तहरीर दी, कि मेरे पति रामप्रकाश निराला, वशिष्ठ चौहान पुत्र इन्द्रजीत चौहान निवासी देवईत के साथ अपनी कार से आवश्यक काम से बुधवार की सुबह 8 बजे प्रयागराज के लिए कहकर घर से निकले थे। शाम को 4 बजे मैं उनके मोबाइल पर फोन किया तो फोन स्विचऑफ था। गुरुवार की सुबह 6 बजे मेरे पति ने अपने तथा वशिष्ठ चौहान के मोबाइल नंबर से फोन के हमें बताया कि हम लोगों को कुछ बदमाशों ने अपहरण कर लिया है। छोड़ने के लिए प्रति व्यक्ति 5 लाख रूपये की फिरौती की माँग कर रहे हैं। तहरीर के आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज़ कर मामले की छानबीन में जुट गयी।
एसपी अनुराग आर्य द्वारा उक्त प्रकरण को तत्काल संज्ञान में लेकर स्वाट टीम तथा स्थानीय थाना से एक टीम का गठन कर टीम को जनपद प्रतापगढ़ व प्रयागराज भेजा गया। तीनों जनपदों की पुलिस टीमों ने आपसी समन्वय स्थापित कर अपहृत रामप्रकाश निराला पुत्र स्व0 शिवदास (42) तथा वशिष्ठ चौहान पुत्र इन्द्रजीत चौहान (44) को 24 घण्टे के अन्दर ग्राम काशीपुर थाना होलागढ़ जनपद प्रयागराज में स्थित मीना पत्नी रामसूरत पटेल के घऱ से सकुशल अपराधियों के कब्जे से मुक्त करा लिया। पुलिस ने मौके से अभियुक्ता मीना देवी को गिरफ्तार कर लिया है। शेष अपराधी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग गये। प्रयागराज के मऊआईमा थाना क्षेत्र के सेमरा गांव निवासी विकास, हरिसेनगंज निवासी राज, अंकेत, खुटहना निवासी अविनाश तथा शिवम निवासी महवाई थाना माण्डा का नाम प्रकाश में आया है। जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयासरत है।
पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्ता मीना ने बताया गया कि अपहरण करने वालों में से राज मेरा भांजा है। वह अपने साथी विकास, अंकित, अविनाश तथा शिवम के साथ अपहरण कर दोनो व्यक्तियों को गाड़ी सहित मेरे घर पर ले आया था। सभी यही रुके हुए थे और खाना पानी की व्यवस्था मेरे द्वारा की जा रही थी। बीच-बीच में मेरा भांजा तथा उसके साथ के लोग अपहरण कर लाये व्यक्तियों से उनके घर उन्हीं के मोबाइल से बात कराकर पैसे की मांग करते थे। पुलिस द्वारा मेरे घर जब दबीश दी गई तो मेरा भांजा तथा उसके साथ के लोग पीछे के रास्ते से भाग गये।

No comments