Breaking Reports

‘लेडी डॉन’ अंतिमा सिंह गिरफ्तार: चोरी-मारपीट और धमकी के 9 केस दर्ज



आजमगढ़ : सिधारी पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के दिशा-निर्देशन में सिधारी थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक महिला अभियुक्त को अवैध असलहे और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार महिला की पहचान अंतिमा सिंह (30 वर्ष), निवासी किशुनपुरा, थाना जहानागंज के रूप में हुई है।

08 अक्टूबर 2025 को थाना सिधारी के प्रभारी निरीक्षक हिमेंद्र सिंह के निर्देशन में उपनिरीक्षक धर्मेंद्र शर्मा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने ग्राम नरौली में नरौली से दक्षिण की ओर जाने वाले रास्ते पर स्थित पुलिया के पास लगभग शाम 4:40 बजे घेराबंदी कर अंतिमा सिंह को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने जब अंतिमा सिंह की तलाशी ली, तो उसके पास से एक 12 बोर का देशी तमंचा, एक 12 बोर का जिंदा कारतूस, और एक 9mm का जिंदा कारतूस बरामद हुआ। इस बरामदगी के आधार पर अंतिमा सिंह के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला पंजीकृत किया गया है।

 आपराधिक इतिहास

गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस ने अंतिमा सिंह का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला, तो सामने आया कि उसके खिलाफ आजमगढ़ और मऊ जनपद के विभिन्न थानों में चोरी, मारपीट, धमकी जैसे अपराधों से संबंधित कुल 9 मुकदमे दर्ज हैं। यह जानकारी महिला के अपराध में संलिप्तता की गंभीरता को दर्शाती है।

इस गिरफ्तारी को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक धर्मेंद्र शर्मा, उपनिरीक्षक पूनम विश्वकर्मा, महिला कांस्टेबल प्रीति त्रिपाठी, आरती शुक्ला, कांस्टेबल सतीश गौड़ और अंकित कुमार सिंह शामिल थे।

No comments